Uttarakhand Weather Update उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम बदलने की संभावना है। चार दिसंबर से पहाड़ी क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी के आसार हैं। प्रदेश में अभी मौसम शुष्क है, लेकिन रातें ठंडी हो रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से उत्तराखंड के मौसम में बदलाव आने वाला है। चार दिसंबर से पर्वतीय क्षेत्रों में वर्षा व ऊंची चोटियों पर बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
पड़ने लगी कड़ाके की ठंड
फिलहाल, प्रदेश में मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन रातों में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट के चलते पहाड़ से मैदान तक सुबह और शाम ठिठुरन बढ़ गई है, जबकि दिन के समय निकल रही चटख धूप लोगों को कुछ राहत दे रही है।
अलाव का सहारा लेना शुरू
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम के मिजाज में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं और मौसम शुष्क बना रह सकता है। इस दौरान रात के तापमान में और गिरावट आने से ठंड बढ़ सकती है। पहाड़ी जिलों में लोगों ने अलाव का सहारा लेना शुरू कर दिया है।
पश्चिमी विक्षोभ हो रहा है सक्रिय
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, चार दिसंबर से एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तराखंड को प्रभावित करेगा। इसके असर से उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है, जबकि ऊंची चोटियों पर हिमपात हो सकता है। बर्फबारी के कारण तापमान में और गिरावट आने की आशंका है, जिससे ठंड और बढ़ेगी।

