तराई-भाबर क्षेत्र में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां तापमान सीजन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया है। हल्द्वानी में अधिकतम पारा 10.1 डिग्री और न्यूनतम 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे गलन बढ़ गई है। मैदानी इलाकों में धूप के बावजूद ठिठुरन जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश की संभावना है।
। सर्दियों का सीजन अभी तक सूखा गुजरा है। बारिश नहीं होने की वजह से पहाड़ से मैदान तक समस्या बनी हुई है। मैदानी इलाकों में धूप खिल रही है, लेकिन उससे तपिश गायब है। जिस कारण गलन और ठिठुरन से राहत नहीं है। सर्दी के सितम के बीच गुरुवार को तराई-भाबर क्षेत्र में दिन और रात का पारा सीजन के सबसे निचले स्तर पर पहुंच गया। हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र अधिकतम लुढ़क कर 10.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं, न्यूनतम तापमान 0.5 डिग्री दर्ज किया गया।
दिन के पारे में 3.9 डिग्री और रात के तापमान में 1.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिली। ऐसे में रात के समय गलन होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, सुबह के समय अधिकांश इलाकों को हल्का कोहरा भी छाया रहा। दिन में धूप खिली, लेकिन लोगों को राहत महसूस नहीं हुई। इधर, मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में शुक्रवार को कोहरा छाए रहने का आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही कड़ाके की ठंड का प्रभाव बना रहने की संभावना जताई गई है। पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
हल्द्वानी की तुलना में मुक्तेश्वर का तापमान अधिक
हल्द्वानी सहित कुमाऊं के मैदानी क्षेत्रों में तापमान सीजन के निचले स्तर पर पहुंच गया है। लेकिन नैनीताल जिले के सबसे ठंडे इलाके मुक्तेश्वर में 17.9 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकार्ड किया गया। जबकि, न्यूनतम पारा 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। साथ ही धूप भी खिली रही। ऐसे में मैदानी क्षेत्रों की तुलना में पहाड़ में दिन के समय रहात महसूस की जा रही है।
स्कूलों में कक्षा पांच तक के बच्चों की दो दिन छुट्टी
हल्द्वानी : मौसम विज्ञान केंद्र ने दो दिन शीतलहर का भीषण प्रकोप रहने का अलर्ट जारी किया है। ठिठुरन बढ़ने की संभावनाओं को देखते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्कूलों में कक्षा पांच तक के बच्चों की छुट्टी का आदेश जारी किया है। नैनीताल जिले के मैदानी क्षेत्रों यानी हल्द्वानी, लालकुआं, कालाढूंगी और रामनगर के सभी विद्यालयों में कक्षा पांच तक के बच्चों का शुक्रवार और शनिवार को अवकाश रहेगा। साथ ही आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

