भेल क्षेत्र में वन गुर्जरों द्वारा किए गए 47 अतिक्रमणों को मंगलवार को हटा दिया गया। नगर प्रशासन और संपदा विभाग ने जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से जेसीबी का उपयोग कर यह कार्रवाई की।
भेल क्षेत्र में वन गुर्जरों के अतिक्रमण पर मंगलवार को आखिरकार जेसीबी चल गई।
नगर प्रशासन व संपदा विभाग ने जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से अभियान चलाते हुए सभी 47 कब्जे हटवा दिए। शुरूआत में आंशिक विरोध भी हुआ।
मगर प्रशासन की सख्ती के चलते विरोध टिक नहीं पाया। आखिरकार कब्जे हटवाते हुए भेल भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कर दिया गया।
भेल क्षेत्र में कुछ दिन पहले अचानक बाहर से आए वन गुर्जरों ने कई जगहों पर अपने डेरे बनाकर अतिक्रमण कर लिया था।
नगर प्रशासक व संपदा अधिकारी संजय पंवार के निर्देश पर एक टीम ने अलग-अलग कुल आठ जगहों पर ऐसे 47 वन गुर्जर परिवारों को चिह्नित किया था।
इन सभी को लिखित नोटिस देकर एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने की हिदायत दी गई थी। साथ ही चेतावनी भी दी गई कि एक सप्ताह के भीतर भेल भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाए गए तो विभाग की टीम जेसीबी लेकर खुद अतिक्रमण हटाएगी।
नोटिस के बावजूद कब्जेदारों ने अतिक्रमण नहीं हटवाया। तब नगर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी मयूरी दीक्षित को पूरी स्थिति से अवगत कराया।
जिलाधिकारी के निर्देश पर हरिद्वार तहसील व रानीपुर कोतवाली की एक पुलिस टीम मंगलवार को भेल टाउनशिप पहुंची।
इसके बाद भेल नगर प्रशासन व संपदा विभाग की टीम ने जेसीबी की मदद से पूरा अतिक्रमण हटवा दिया।
सुबह से शाम तक चले अभियान के दौरान कुल 47 कब्जे हटवा दिए गए। भेल संपदा अधिकारी संजय पंवार ने बताया कि नोटिस के बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने पर जिला प्रशासन व पुलिस के सहयोग से अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाया गया है। भेल संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने दिया जाएगा।
