दरभंगा के सिंहवाड़ा में एक दुखद घटना हुई, जहां पनपीही तालाब में कूदकर आत्महत्या करने वाली पत्नी हसरत प्रवीण को बचाने के प्रयास में पति सनाउल्लाह की भी मौत हो गई।
दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत, भरवाड़ा स्थित पनपीही तालाब में डूबकर आत्महत्या करने वाली पत्नी को बचाने में पति की भी मौत हो गई।
इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। स्वजन में कोहराम मच गया। भरवाड़ा के वार्ड छह निवासी सनाउल्लाह (45) और उनकी पत्नी हसरत प्रवीण (40) के शव को पुलिस ने गोताखोर की मदद से बाहर निकाला।
बताया जाता है कि गुरुवार की सुबह घटना की जानकारी मिलने पर लोगों ने हल्ला किया। इसके बाद देखते ही देखते लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
बाहर निकाला गया दोनों का शव
काफी मशक्कत बाद बारी-बारी से दोनों शव को बाहर निकल गया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि दस दिन पहले हसरत प्रवीण ने तालाब में जाकर आत्महत्या करने की कोशिश की थी। जिसे ग्रामीणों व डायल 112 की पुलिस ने समझा बुझाकर घर वापस कर दिया था।
पति ने भी लगा दी छलांग
इधर, गुरुवार की सुबह वह पुनः तालाब में छलांग लगा दी। हालांकि, उसे रोकने के लिए पति ने पीछा भी किया। लेकिन, पत्नी को वह रोक पाता, उससे पहले ही हसरत तालाब में छलांग लगा दी। जिसे देख पति भी बचाने के लिए छलांग लगा दिया।
लेकिन, गहरे पानी के कारण पति को सफलता नहीं मिली और पत्नी को बचाने में वह भी डूब गए। मृतक दंपती को एक पुत्र हसमतुल्ला उर्फ इखलाक है। पुत्री नाजिया प्रवीण की पांच साल पहले शादी हो चुकी है।
थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि आगे की कार्रवाई की जा रही है।
