दर्दनाक सड़क हादसा, खाई में गिरी कार में लगी आग, ईई समेत पत्नी और बेटे की मौत

गोपेश्वर। दीपावली के बाद लौटते वक्त गोपेश्वर-पोखरी रोड पर देवखाल के पास एक भीषण सड़क हादसे में यूजेवीएनएल देहरादून में तैनात अधिशासी अभियंता (ईई) अरविंद त्रिपाठी (55), उनकी पत्नी अनीता त्रिपाठी (51) और छोटे बेटे अनंत त्रिपाठी (21) की मौत हो गई। हादसे में बड़ा बेटा अंबुज त्रिपाठी (24) गंभीर रूप से घायल हो गया है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत विशाल के पाव गांव निवासी अरविंद त्रिपाठी अपने परिवार के साथ दीपावली मनाने ससुराल देवखाल आए थे। बृहस्पतिवार शाम वह परिवार सहित गांव वापस लौट रहे थे। घर से लगभग 100 मीटर की दूरी पर उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और नीचे की सड़क पर गिरते ही उसमें आग लग गई।

हादसे में अरविंद त्रिपाठी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी अनीता गंभीर रूप से घायल थीं। उन्हें और अंबुज को ग्रामीणों की मदद से जिला अस्पताल लाया गया, जहां अनीता त्रिपाठी ने रात साढ़े आठ बजे इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। छोटा बेटा अनंत कार में फंस गया था और जलकर मौत का शिकार हो गया।

घटना की सूचना पर एसडीआरएफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और कटर की मदद से कार में फंसे शव को बाहर निकाला। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *