नैनीताल में अचानक पलटा मौसम का मिजाज, कड़ाके की ठंड से नवंबर में ही जले अलाव

नैनीताल में कड़ाके की ठंड बढ़ने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। पालिका ने नवंबर में ही सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाकर लोगों को राहत दी है। डीएम के निर्देश पर पालिका ने यह कदम उठाया है। मल्लीताल, मालरोड समेत सात जगहों पर अलाव जलाए गए हैं और अन्य स्थानों पर भी जल्द ही अलाव जलाने की व्यवस्था की जाएगी।

 शहर में कड़ाके की ठंड ने स्थानीय लोगों की ही नहीं, घूमने के लिए पहुंचे पर्यटकों की भी दुश्वारियां बढ़ा दी है। बढ़ती ठंड का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि 20 दिसंबर के बाद जलने वाले अलाव नवंबर में ही जला दिये गए है। पालिका ने सार्वजनिक स्थानों में अलाव जलाए तो स्थानीय लोग ही नहीं पर्यटकों ने भी राहत महसूस की।

अचानक ठंड बढ़ने से पर्यटक हुए परेशान

बता दे कि शहर में अचानक ठंड में विस्तार होने लगा है। दोपहर में चटक धूप तो सुबह शाम कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ऐसे में स्थानीय लोग हीटर ब्लोअर का सहारा लेने लगे है। लेकिन सैर सपाटा करने वाले पर्यटकों को ठंड खासा परेशान कर रही है।

डीएम ने दिए अलाव के आदेश

बढ़ती ठंड को देखते हुए डीएम ललित मोहन रयाल ने नगर पालिका को आवश्यक इंतजाम करने के निर्देश दिये थे। जिसके अनुपालन में नगर पालिका ने नवंबर में ही अलाव जलाकर लोगों को राहत दी है। मंगलवार को मल्लीताल रिक्शा स्टेंड, मालरोड, तल्लीताल डांठ समेत सात सार्वजनिक स्थलों में अलाव जलाए गए। ईओ रोहिताश शर्मा ने बताया कि बुधवार से अन्य स्थानों में भी अलाव जलाने को लकड़ी उपलब्ध कराई जाएगी।

सूखी ठंड जारी

सरोवर नगरी में सुबह शाम की सूखी ठंड जारी है। मंगलवार गुनगुनी धूप के साथ सुहावना रहा, लेकिन शाम को ठंड का प्रकोप बढ़ गया। नगर का न्यूनतम अधिकतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। रात को पड़ रहा सुबह को ठंड में और इजाफा कर रहा है।

नगर में सुबह के समय धूप खिली हुई थी। हवाओं का वेग भी कुछ ज्यादा ही तेज रहा। दोपहर से पहले तक हल्की ठंड बनी रही। दोपहर में हवा की गति धीमी हुई तो धूप का सूख आनंदमय हो गया। शाम तक मौसम का मिजाज सुहावना बना रहा। मगर सूर्यास्त होते ही ठंड बढ़ गई तो हीटर का सहारा लेने को लोग मजबूर हुए। साथ ही पाला गिरना शुरू हो गया। जिस कारण ठंड में बढ़ोतरी हो गई।

मौसम विभाग का ये है पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम शुष्क बने रहने की है और रात्रि ठंड में बढ़ोतरी होगी। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 19 व न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आद्रता अधिकतम 90 व न्यूनतम 60 प्रतिशत दर्ज की गई। इधर मंगलवार को पर्यटकों की आमद भी कम रही। कारोबारियों को उम्मीद है कि मैदानी इलाकों में कोहरे की मार के बाद वीकेंड पर फिर से पर्यटकों की आमद बढ़ेगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *