IIT दिल्ली से सिविल सेवा तक का सफर, तीसरे प्रयास में UPSC पास हुए राहुल कुमार

भागलपुर के नाथनगर निवासी राहुल कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में 141वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग करने के बाद यह उनका तीसरा प्रयास था।

नाथनगर प्रखंड के रन्नूचक, मकंदपुर निवासी राहुल कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 141वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस सफलता से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही परिजनों और ग्रामीणों ने राहुल को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया।

ग्रामीणों का कहना है कि राहुल की सफलता से पूरे इलाके में उत्साह का माहौल है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। लोगों ने कहा कि राहुल की इस उपलब्धि से क्षेत्र के युवाओं को भी प्रेरणा मिलेगी।

तीसरे प्रयास में मिली सफलता

राहुल कुमार के लिए यह सफलता आसान नहीं थी। यूपीएससी की परीक्षा में यह उनका तीसरा प्रयास था। इससे पहले वर्ष 2023 और 2024 में भी वह परीक्षा के इंटरव्यू चरण तक पहुंच चुके थे, लेकिन अंतिम चयन नहीं हो सका था।

लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत के बाद आखिरकार तीसरे प्रयास में उन्होंने 141वीं रैंक हासिल कर अपनी सफलता सुनिश्चित की। वर्तमान में राहुल दिल्ली में मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स में अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 16 फरवरी 2026 को ही इस पद पर योगदान दिया है।

आईआईटी दिल्ली से की इंजीनियरिंग

राहुल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जसीडीह के सेंट फ्रांसिस स्कूल से प्राप्त की और वर्ष 2013 में दसवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने डीपीएस बोकारो से वर्ष 2015 में 12वीं की पढ़ाई पूरी की।

उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान आईआईटी दिल्ली में प्रवेश लिया और वहां से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने सिविल सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया और उसी दिशा में तैयारी शुरू कर दी।

परिवार में खुशी का माहौल

राहुल के पिता शंभू कुमार राय छोटे स्तर पर व्यवसाय करते हैं। बेटे की इस उपलब्धि से परिवार में काफी खुशी है। उनके चाचा अनिमेष कुमार राय, बहन मोनी कुमारी, प्रियंका कुमारी सहित गांव के अमन कुमार राय और अन्य लोगों ने राहुल को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राहुल ने बताया कि यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्हें अपने कॉलेज के सीनियर और वर्तमान में आईएएस अधिकारी श्रेष्ठ अनुपम से काफी प्रेरणा और मार्गदर्शन मिला। उन्होंने कहा कि निरंतर मेहनत और सही मार्गदर्शन से ही यह सफलता संभव हो सकी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *