Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में सोमवार को मौसम शुष्क रहा, लेकिन आज (मंगलवार) फिर बदलाव की संभावना है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की वर्षा और 2800 मीटर से ऊपर हिमपात का अनुमान जताया है। देहरादून, पौड़ी और नैनीताल के लिए गर्जन, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मैदानी इलाकों में कोहरे की संभावना है, जबकि रविवार को कई जगह वर्षा और बर्फबारी हुई थी।
Uttarakhand Weather Forecast उत्तराखंड में बीते रविवार को वर्षा और बर्फबारी के बाद प्रदेश का मौसम सोमवार को फिर शुष्क रहा।
प्रदेश के ज्यादातर मैदानी क्षेत्रों में दिनभर धूप खिली रही, जबकि शाम को पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल नजर आए। मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। हालांकि, आज मौसम का मिजाज फिर बदल सकता है।
सोमवार को सुबह से ही देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही धूप खिली रही। जिससे दिन में तपिश महसूस की गई। जबकि रविवार को दून में हल्की से मध्यम वर्षा के तीन से चार दौर हुए। देर रात भी बूंदाबांदी दर्ज की गई।
पहाड़ों पर हिमपात के बाद धूप खिलने से पर्यटन गतिविधियां बढ़ गईं। चकराता समेत तमाम हिल स्टेशन पर पर्यटकों ने बर्फ में अठखेलियां कीं। इसके साथ ही शाम को भी पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल मंडराने लगे।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात हो सकता है।
राज्य के शेष पर्वतीय क्षेत्रों में भी बहुत हल्की से हल्की वर्षा या बर्फबारी की संभावना है। मैदानी क्षेत्रों के मौसम की बात करें तो हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जनपदों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने देहरादून, पौड़ी और नैनीताल जनपदों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं‑कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और झोंकेदार हवाओं (30-40 किलोमीटर प्रति घंटा) चल सकती है।

