ऊधम सिंह नगर की रातें मुक्तेश्वर से भी ज्यादा हो गई सर्द, पारे में आ सकती है और गिरावट

उत्तराखंड में मौसम तेजी से बदल रहा है। ऊधम सिंह नगर में रातें मुक्तेश्वर से भी ज्यादा सर्द हो गई हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट की आशंका जताई है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है। लोगों को ठंड से बचने की सलाह दी गई है।

 उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक चटख धूप खिलने से अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है, जिससे दिन में ठंड से राहत है।

हालांकि, शाम को पारे में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है और रात को कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है। न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट के कारण ऊधमसिंह नगर की रातें मुक्तेश्वर से भी ज्यादा सर्द हो गई हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिन मौसम के मिजाज में परिवर्तन की संभावना नहीं है। उसके बाद पारे में और गिरावट आ सकती है।

शुक्रवार को दून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही चटख धूप खिली रही। जिसके चलते दिनभर ठंड से राहत रही। हालांकि, सुबह-शाम ठंड में लगातार इजाफा हो रहा है।

दून ही नहीं प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में दिन और रात के तापमान में तीन गुना से अधिक का अंतर है। शाम को सर्द हवाएं भी परीक्षा लेने लगी हैं।

दून में अधिक तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक रिकार्ड किया गया। जबकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम पहुंच गया है।

वहीं, ऊधमसिंह नगर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक और न्यूनतम सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया।

मुक्तेश्वर में रात का पारा सामान्य से दो डिग्री अधिक पहुंच गया है। शुष्क मौसम में दिन और रात के तापमान में बढ़ रहे अंतर से तबीयत नासाज होने का भी खतरा बढ़ गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो-तीन दिन प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है और तापमान में भी परिवर्तन के आसार नहीं है। उसके बाद पारे में गिरावट हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *