तराई-भाबर क्षेत्र में पारा 32.4 डिग्री सेल्सियस पार कर गया है, जिससे दिन में गर्मी बढ़ गई है। हालांकि, रात में थोड़ी राहत है। मौसम विभाग ने रविवार से वर्षा की संभावना जताई है, जो 19 मार्च तक जारी रह सकती है।
तराई-भाबर क्षेत्र में तपिश लगातार बढ़ रही है। हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। ऐसे में दिन के समय परेशानी बढ़ गई है। हालांकि, रात के समय थोड़ी राहत है। यहां न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र ने रविवार से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई है। पर्वतीय क्षेत्रों के साथ ही मैदानी इलाकों में वर्षा होने का अनुमान है। 19 मार्च तक मेघों के बरसने का क्रम जारी रह सकता है। ऐसे में गर्मी के प्रकोप से राहत मिल सकती है।
साथ ही वर्षा होने पर मैदानी क्षेत्रों में तीन से चार डिग्री तक अधिकतम तापमान में गिरावट होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच सकता है। इधर, बारिश होने से लोगों को राहत मिलेगी। साथ ही यह जंगलों और सिंचाई कार्य के लिए भी अनुकूल होगा।
