‘राहुल गांधी बुलेट पर चलते हैं, क्या महात्मा गांधी…’; ऐसा क्यों बोल गए तेज प्रताप यादव

तेज प्रताप यादव ने राहुल गांधी पर गांधीवाद और उनकी जीवनशैली को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने राहुल के मनरेगा संबंधी बयान के बाद प्रतिक्रिया दी। तेज प्रताप ने कहा कि सिर्फ ‘गांधी’ नाम जोड़ने से कोई गांधीवादी नहीं बन जाता, और राहुल की बुलेट-जींस वाली जीवनशैली महात्मा गांधी के आदर्शों के विपरीत है। उन्होंने राहुल के व्यवहार को पाखंड बताया, जो सादगी और त्याग के प्रतीक गांधीजी के सिद्धांतों से मेल नहीं खाता।

जनशक्ति जनता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव ने बुधवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने गांधीवाद और महात्मा गांधी के आदर्शों को लेकर राहुल गांधी के दावों पर सवाल उठाते हुए उनकी जीवनशैली को निशाने पर लिया। तेज प्रताप यादव की यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी द्वारा मनरेगा का नाम बदलने को महात्मा गांधी का अपमान बताए जाने के बाद सामने आई है।

तेज प्रताप यादव ने कहा कि केवल नाम के साथ ‘गांधी’ जोड़ लेने से कोई व्यक्ति गांधीवादी नहीं बन जाता। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी इस बात को लेकर इतने चिंतित क्यों रहते हैं कि कौन गांधी का अपमान कर रहा है और कौन नहीं।

तेज प्रताप ने आगे कहा, “राहुल गांधी बुलेट बाइक पर चलते हैं, क्या महात्मा गांधी कभी बुलेट पर चले थे? वे जींस और शर्ट पहनते हैं, क्या महात्मा गांधी जींस-शर्ट पहनते थे?”

गांधीवादी दर्शन पर जोर देते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि महात्मा गांधी ने देशभर में चरखा और खादी को सादगी और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनाया। उन्होंने कहा कि अगर गांधी जी खादी के पक्षधर थे, तो राहुल गांधी खुद जींस और टी-शर्ट क्यों पहनते हैं।

तेज प्रताप का आरोप है कि राहुल गांधी जिन आदर्शों की बात करते हैं, उन्हें अपने जीवन में नहीं अपनाते। उन्होंने कहा कि प्रतीकों की बात करना और व्यवहार में उन्हें न अपनाना पाखंड है।

उन्होंने कहा कि सिर्फ नाम या उपाधि में ‘गांधी’ जोड़ लेने से कोई संत नहीं बन जाता। महात्मा गांधी केवल एक विचारधारा नहीं थे, बल्कि सादगी, संयम और त्याग का प्रतीक थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *