देहरादून में वीकेंड पर मौसम ने करवट बदली, सुबह से धुंध छाई रही जिससे ठिठुरन बढ़ गई। ठंडी हवाओं से तापमान में गिरावट आई और दृश्यता प्रभावित हुई। फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं और ट्रेनें देरी से चलीं। मसूरी में भी ठंड बढ़ गई है, कोहरे के कारण दृश्यता कम रही। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक ठंड का असर बने रहने की संभावना जताई है।
वीकेंड पर राजधानी देहरादून में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। शनिवार सुबह से ही शहर और आसपास के इलाकों में धुंध छाई रही, जिससे ठिठुरन बढ़ गई। ठंडी हवाओं के चलने से न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, वहीं धुंध के कारण दृश्यता भी प्रभावित रही।
धुंध का असर हवाई व रेल सेवाओं पर भी नजर आया। देहरादून आने वाली कई फ्लाइट को डायवर्ट करना पड़ा, जबकि कुछ को दिल्ली ही रोक दिया गया। ट्रेनें भी देरी से चल रही हैं, जबकि लम्बी दूरी की परिवहन निगम की बसों की गति पर भी ब्रेक लग गया है।
सुबह के समय प्रमुख मार्गों पर वाहन चालकों को धीमी गति से सफर करना पड़ा। स्कूल जाने वाले बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और मार्निंग वाक पर निकलने वालों को ठंड का ज्यादा असर महसूस हुआ। धुंध के चलते शहर के बाहरी और पहाड़ी क्षेत्रों से सटे इलाकों में ठंड और अधिक तीखी नजर आई।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मैदानी क्षेत्रों में ठंडी हवाओं का असर अगले कुछ दिनों तक बना रह सकता है। सुबह और देर शाम ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। लोगों को गर्म कपड़ों का उपयोग करने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम में आए बदलाव के चलते बाजारों में ऊनी कपड़ों और गरम पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ती दिखी।
मसूरी में और तीखी ठंड
पहाड़ी पर्यटन नगरी मसूरी में ठंड ने और जोर पकड़ लिया है। सुबह के समय घना कोहरा और धुंध छाने से दृश्यता काफी कम रही। ठंडी हवाओं के चलते तापमान में और गिरावट दर्ज की गई, जिससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी ठंड का सामना करना पड़ा। माल रोड और आसपास के इलाकों में लोग गरम कपड़ों में लिपटे नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार मसूरी और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सुबह-शाम ठंड और बढ़ सकती है।

