हल्द्वानी में मौसम का यू-टर्न: तेज बारिश से 10 डिग्री गिरा पारा, ठंड का अहसास

हल्द्वानी और तराई-भाबर में बढ़ती गर्मी के बीच अचानक मौसम ने करवट ली। तेज हवाओं के साथ हुई झमाझम बारिश से दिन का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस गिर गया, जिससे ठंड का अहसास हुआ और लोगों ने गर्म कपड़े निकाले।

तराई-भाबर में लगातार बढ़ती तपिश के बीच रविवार को मौसम ने फिरकी ले ली। हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र में तेज हवाएं चलने के साथ झमाझम बारिश हुई। इससे दिन का पारा 10 डिग्री सेल्सियस लुढ़क गया।

तापमान में गिरावट होने से ठंड का अहसास होने लगा। ऐसे में लोगों ने फिर से गर्म कपड़े निकाल लिए। वहीं, वर्षा होने से कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थितियां भी उत्पन्न हो गई। जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

दरअसल, हल्द्वानी क्षेत्र में रविवार सुबह से ही बादल छाए हुए थे। तेज हवाएं चलने के साथ ही सुबह करीब 10:30 बजे से बूंदाबांदी का क्रम प्रारंभ हो गया था। दोपहर के समय झमाझम वर्षा हुई।

वहीं, शाम तीन बजे बाद हल्की धूप निकल आई। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अधिकतम तापमान 21.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वर्षा के बीच 11:30 बजे से 12:30 बजे तक जज फार्म और बेलबाबा फीडर में बिजली सप्लाई ठप रही।

वहीं, पूर्वानुमान के अनुसार 21 मार्च तक पहाड़ से लेकर मैदान तक वर्षा का क्रम जारी रहने की संभावना जताई गई है। ऐसे में गर्मी से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही बौछारें जंगलों की आग को नियंत्रित करने में फायदेमंद होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *