हिमाचल प्रदेश के बरोटीवाला में एंट्री टैक्स वृद्धि के विरोध में सोमवार को ढाई घंटे लंबा जाम लगा। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने टोल बैरियर पर प्रदर्शन किया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला एंट्री प्वाइंट पर सोमवार सुबह साढ़े आठ से लेकर करीब 11 बजे तक लंबा जाम लगा रहा। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों द्वारा टोल बैरियर पर टैक्स को लेकर किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के चलते स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। हालात बिगड़ते देख हिमाचल प्रदेश और हरियाणा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।
…और बिना टैक्स दिए गुजरे वाहन
पुलिस की मध्यस्थता के बाद फिलहाल सभी वाहनों को टोल एंट्री से निश्शुल्क अंदर-बाहर जाने दिया गया, जिससे जाम धीरे-धीरे खुल पाया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि टोल शुल्क को लेकर वे लंबे समय से परेशान हैं और अब उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि यदि रोजाना सभी वाहनों की आवाजाही निश्शुल्क नहीं की गई, तो वे प्रतिदिन इसी तरह जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
दोनों राज्यों के पुलिस व प्रशासन ने संभाला मोर्चा
दोनों राज्यों के पुलिस और प्रशासन ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और मामले को शांत करवाया, लेकिन स्थानीय लोगों की मांग को देखते हुए आने वाले दिनों में यह मुद्दा और तूल पकड़ सकता है।
स्थिति पर नजर
फिलहाल यातायात सामान्य हो गया है, लेकिन क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन द्वारा आगे की रणनीति पर विचार किया जा रहा है।
क्यों हो रहा बवाल
हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार ने पहली अप्रैल से एंट्री टैक्स में बढ़ोतरी का एलान किया है। कार आदि छोटे वाहनों से जहां पहले 70 रुपये लिए जाते थे, उन्हें अब 170 रुपये देने होंगे। इसके अलावा अन्य बड़े वाहनों का एंट्री टैक्स भी बढ़ा दिया है, जिसका लोग विरोध कर रहे हैं।
