देश के कई शहरों में बढ़ते वायु प्रदूषण ने लोगों की जीवनशैली और खरीदारी की प्राथमिकताओं को बदलना शुरू कर दिया है। अब एयर प्यूरीफायर केवल दिल्ली-एनसीआर जैसे प्रदूषित इलाकों तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि दूसरे राज्यों में भी इनकी मांग तेजी से बढ़ रही है।
स्वच्छ हवा और बेहतर स्वास्थ्य को लेकर बढ़ती जागरूकता के कारण एयर प्यूरीफायर लोगों की जरूरत का हिस्सा बनते जा रहे हैं। दिवाली के बाद से ऑफलाइन बाजारों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इनकी बिक्री में उल्लेखनीय तेजी देखने को मिली है।
पहले एयर प्यूरीफायर की कुल बिक्री का बड़ा हिस्सा दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र से आता था, लेकिन अब बाजार का विस्तार दूसरे राज्यों तक हो रहा है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना जैसे राज्यों में भी उपभोक्ता इन उपकरणों को खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं।
एयर प्यूरीफायर बाजार में सक्रिय कंपनियों को बढ़ती मांग का फायदा मिल रहा है। खासतौर पर कोमा (टाटा समूह) और शाओमी जैसी कंपनियों के उत्पादों की बिक्री में तेजी देखने को मिली है।
कोमा की बिक्री में पिछले वर्ष के मुकाबले उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं, शाओमी इंडिया के स्मार्ट स्टॉक मैनेजमेंट और बेहतर उपलब्धता के चलते एयर प्यूरीफायर कारोबार में मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली है।
ई-कॉमर्स कंपनियों के आंकड़ों के अनुसार, कम समय में एयर प्यूरीफायर की बिक्री में बड़ा उछाल आया है। अब ग्राहक केवल कीमत के आधार पर खरीदारी नहीं कर रहे, बल्कि उत्पाद की गुणवत्ता, फिल्टर तकनीक और भरोसेमंद ब्रांड को भी प्राथमिकता दे रहे हैं।
बढ़ते प्रदूषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को देखते हुए आने वाले समय में एयर प्यूरीफायर बाजार के और विस्तार की संभावना जताई जा रही है।

