सर्वे में सामने आई चिंताजनक तस्वीर, केवल 36% संगठन ही 24 घंटे के अंदर सुरक्षा खतरों पर नियंत्रण पाने में सफल
नई दिल्ली: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल ने जहां कंपनियों के कामकाज को आसान बनाया है, वहीं साइबर सुरक्षा के क्षेत्र में नई चुनौतियां भी पैदा कर दी हैं। हाल ही में जारी एक सर्वे के अनुसार, पिछले 12 महीनों में लगभग 92 प्रतिशत भारतीय कंपनियों को AI एजेंट से जुड़े साइबर सुरक्षा जोखिमों का सामना करना पड़ा है।
रिपोर्ट बताती है कि कंपनियों के लिए अब केवल बाहरी साइबर हमले ही चिंता का विषय नहीं हैं, बल्कि उनके सिस्टम में काम करने वाले AI एजेंट्स की गतिविधियों पर नजर रखना भी एक बड़ी चुनौती बन गया है।
सर्वे में शामिल कंपनियों के सामने AI एजेंट्स के अनियंत्रित व्यवहार और सुरक्षा संबंधी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। करीब 51 प्रतिशत संगठनों के पास AI एजेंट्स की असामान्य गतिविधियों का पता लगाने के लिए पर्याप्त रियल-टाइम मॉनिटरिंग व्यवस्था नहीं है।
वहीं, लगभग 67 प्रतिशत कंपनियां ऐसे AI एजेंट्स की गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने में सक्षम नहीं हैं। इसके अलावा 37 प्रतिशत संगठनों ने बताया कि पिछले एक वर्ष में उन्हें ऐसे अनधिकृत AI एजेंट्स का सामना करना पड़ा, जिनकी जानकारी न तो आईटी विभाग को थी और न ही सुरक्षा टीम को।
सर्वे के मुताबिक, कंपनियों में AI सुरक्षा को लेकर नीतियों और निगरानी प्रणालियों की कमी भी चिंता बढ़ा रही है। केवल 19 प्रतिशत संगठनों के पास AI एजेंट से जुड़ी सुरक्षा घटनाओं के लिए स्पष्ट रूप से जिम्मेदार अधिकारी नियुक्त हैं।
इसके अलावा 18 प्रतिशत कंपनियों में AI एजेंट्स की निगरानी के लिए कोई एकीकृत और सेंट्रलाइज्ड व्यवस्था मौजूद है। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि केवल 30 प्रतिशत संगठन ही ऐसे AI एजेंट्स का इस्तेमाल करते हैं, जिन्हें सुरक्षा जांच पूरी होने तक ब्लॉक या प्रतिबंधित रखा जा सकता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, AI तकनीक को सुरक्षित तरीके से अपनाने के लिए कंपनियों को मजबूत गवर्नेंस सिस्टम और निगरानी व्यवस्था विकसित करनी होगी। AI एजेंट्स को मिलने वाली अनुमतियों, डेटा तक उनकी पहुंच और उनके द्वारा किए जाने वाले कार्यों की नियमित जांच जरूरी है।
रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 47 प्रतिशत संगठन AI एजेंट्स के लिए पूरी तरह सुरक्षित सैंडबॉक्स वातावरण उपलब्ध कराने की स्थिति में नहीं हैं। इससे संवेदनशील जानकारी और कंपनी के डिजिटल संसाधनों की सुरक्षा को लेकर जोखिम बढ़ सकता है।
AI तकनीक का इस्तेमाल आने वाले समय में और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में कंपनियों को केवल नई तकनीक अपनाने पर ध्यान देने के बजाय उसके सुरक्षित संचालन को भी प्राथमिकता देनी होगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि AI एजेंट्स की पहचान, उनकी गतिविधियों पर नियंत्रण, नियमित ऑडिट और लगातार निगरानी से साइबर सुरक्षा के जोखिमों को कम किया जा सकता है। कंपनियों के लिए जरूरी है कि वे AI को अपने कामकाज का हिस्सा बनाते समय मजबूत सुरक्षा नीतियां भी लागू करें।

