देहरादून: सामाजिक सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली देहरादून की डॉ. रमा गोयल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। उन्हें जयपुर में आयोजित समारोह के दौरान प्रतिष्ठित मदर टेरेसा ग्लोबल समर्पण समाज गौरव सम्मान 2026 से नवाजा गया।
यह सम्मान 22 नवंबर को जयपुर स्थित सेंट्रल संस्कृत यूनिवर्सिटी के न्यू ऑडिटोरियम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में प्रदान किया गया। डॉ. रमा गोयल को यह उपलब्धि मानवता की सेवा, निस्वार्थ सामाजिक कार्यों और समाज के उत्थान के लिए किए गए उनके प्रयासों के लिए मिली है।
डॉ. रमा गोयल देहरादून की सामाजिक संस्था हरबल फाउंडेशन में ट्रस्टी एवं सचिव के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा रही हैं। संस्था के माध्यम से वह विभिन्न सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय योगदान दे रही हैं। उनके कार्यों से सामाजिक क्षेत्र में जुड़े लोगों और संस्था के सदस्यों में खुशी का माहौल है।
आयोजकों ने डॉ. रमा गोयल के सेवा भाव, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनकल्याण के प्रति समर्पण की सराहना की। समारोह में जिला उपभोक्ता निवारण आयोग, जयपुर के अध्यक्ष मोहन माथुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से देहरादून और उत्तराखंड का गौरव बढ़ा है। डॉ. रमा गोयल की यह उपलब्धि समाज सेवा के क्षेत्र में कार्य कर रहे अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।

