ऊधमसिंह नगर के एसएसपी मणिकांत मिश्रा का 16 माह का कार्यकाल ‘ऑपरेशन लंगड़ा’ और अपराध नियंत्रण पर केंद्रित रहा। उन्होंने 34 मुठभेड़ों में 38 बदमाशों को गिरफ्तार किया। हालांकि, काशीपुर आत्महत्या प्रकरण के बाद उनका स्थानांतरण विवादों में आया। उन्होंने नशा मुक्ति और जनता दरबार जैसे कार्य भी किए। नए एसएसपी अजय गणपति ने अपराध और मादक तस्करों पर नकेल कसने की प्राथमिकता बताई है।
ऑपरेशन लंगड़ा चलाकर प्रदेश में चर्चित रहे एसएसपी मणिकांत मिश्रा का 16 माह का कार्यकाल क्राइम कंट्रोल करने पर बीता। उन्होंने योगी पुलिस के स्टाइल में काम किया आैर 38 बदमाशों को लंगड़ा बनाकर गिरफ्तार किया। लेकिन बीते माह काशीपुर के पैगा गांव निवासी सुखवंत सिंह द्वारा गोली मारकर आत्महत्या कर लेने के मामले में उन पर आरोप लगने से विवादों में आ गए। उनके इस तबादले को इसी प्रकरण से जोड़कर देखा जा रहा है।
तेज-तर्रार छवि वाले आईपीएस मणिकांत मिश्रा ने छह सितंबर 2024 को ऊधम सिंह नगर जिले के एसएसपी का चार्ज ग्रहण किया था। चार्ज लेने के बाद उन्होंने अपराध समीक्षा बैठक की। उन्होंने देखा कि यहां अपराधी बेलगाम हैं।
उन्होंने तत्काल क्राइम कंट्रोल को प्राथमिकता बनाते हुए एक महीने के भीतर ही मुठभेड़ में एक बदमाश को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया। उनके कार्यकाल में पुलिस ने 34 मुठभेड़ में 38 बदमाशों को गिरफ्तार किया। मणिकांत मिश्रा ने लोगों की समस्या के निस्तारण के लिए काशीपुर में हर मंगलवार को जनता दरबार लगाने का निर्णय लिया आैर वहीं बैठकर उनका निस्तारण भी किया। मादक तस्करों पर भी उनका चाबुक जमकर चला।
खटीमा के दो गांवों को नशा मुक्त करने में रहे सफल
एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपराध नियंत्रण के साथ ही नशा मुक्ति को लेकर भी सजग रहे। उन्होंने शिकायतों आैर पकड़े गए अपराधियों के आधार पर खटीमा के दो गांव मझोला आैर वनगवां को चिन्हित किया, साथ ही इन्हें नशा मुक्त करने का संकल्प लिया। बाद में वहां कई दौरे पर ग्रामीणों को सजग बनाया आैर उनसे संकल्प दिलाया कि न तो नशा करेंगे आैर न गांवों में नशा होने देंगे।
फिटनेस को लेकर राज्यपाल ने भी की थी मिश्रा की तारीफ
एसएसपी मणिकांत मिश्रा अपनी फिटनेस को लेकर काफी सजग हैं। वह एक बार ही भोजन करते थे। उनकी फिटनेस को लेकर पंतनगर कृषि विवि में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने भी काफी तारीफ की थी। कार्यक्रम के बीच में दो बार एसएसपी मिश्रा को उठाकर विद्यार्थियों से उनसे प्रेरणा लेने का आव्हान भी किया था।
मादक तस्करों पर लगेगा गुंडा एक्ट और गैंगस्टर : गणपति
ऊधम सिंह नगर के नए एसएसपी अजय गणपति ने जागरण से बातचीत में कहा कि ऊधम सिंह नगर में अपराध आैर अपराधियों पर नकेल कसना उनकी प्राथमिकता है। ट्रैफिक को व्यवस्थित बनाया जाएगा, महिला सुरक्षा के लिए रोडमैप लाएंगे। मादक पदार्थों के तस्करों पर गुंडा एक्ट व गैंगस्टर की कार्रवाई होगी। जिले में इंटरनेट पर प्रसारित होने वाली सर्वाधिक फायरिंग की वीडियो व घटनाआें पर अंकुश लगाया जाएगा।

