सेल्फ स्टडी से उत्तराखंड के अनुज ने हासिल की 69वीं रैंक, कोचिंग के बजाय इस प्लेटफॉर्म से ली मदद

बाराकोट के अनुज ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा में 69वीं रैंक हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने सेल्फ-स्टडी और अनुशासित दिनचर्या से यह सफलता पाई।

 बाराकोट क्षेत्र के युवा अनुज ने कड़ी मेहनत और लगन के दम पर संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में 69वीं रैंक हासिल कर लोहाघाट और बाराकोट क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और गांव के युवाओं को भी नई प्रेरणा मिली है।

अनुज ने बताया कि उनकी सफलता का मुख्य आधार सेल्फ स्टडी और अनुशासित दिनचर्या रही। उन्होंने कोचिंग का सहारा लेने के बजाय इंटरनेट पर उपलब्ध अध्ययन सामग्री का उपयोग किया। पढ़ाई के दौरान वे रोजाना करीब आठ से 10 घंटे अध्ययन करते थे और इंटरनेट मीडिया का उपयोग बहुत सीमित रखा, ताकि पढ़ाई में ध्यान केंद्रित रह सके।

स्कूल में बेहतर प्रदर्शन

शैक्षिक जीवन में भी अनुज का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा। उन्होंने हाईस्कूल में 87 प्रतिशत और इंटरमीडिएट में 96 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इसके बाद उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। यूपीएससी परीक्षा में उन्होंने समाजशास्त्र को वैकल्पिक विषय के रूप में चुना और उसी के आधार पर यह सफलता हासिल की।

अनुज ने बताया कि यह सफर आसान नहीं था, लेकिन लगातार मेहनत और सही दिशा में किए गए प्रयासों से लक्ष्य प्राप्त करना संभव हो सका। पढ़ाई के बीच वे थोड़ा समय मनोरंजन के लिए भी निकालते थे। दोस्तों के साथ बातचीत और घूमना उन्हें तनाव से दूर रखने में मदद करता था।

अनुज की यह उपलब्धि साबित करती है कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवा भी कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर सकते हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के छात्रों में यूपीएससी जैसी परीक्षाओं के प्रति उत्साह बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *