चित्रकूट एक्सप्रेस में छेड़खानी की शिकायत से लव जिहाद का मामला सामने आया। बलरामपुर के एक मुस्लिम युवक ने खुद को सीआरपीएफ कमांडेंट बताकर इंस्टाग्राम पर एक हिंदू युवती से दोस्ती की।
लव जिहाद और मतांतरण की फैक्ट्री चलाने वाले छांगुर के गृह जिले बलरामपुर से अब भी ऐसे ही कुत्सित प्रयास हो रहे हैं। नया मामला लखनऊ आ रही चित्रकूट एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट द्वारा की गई छेड़खानी की शिकायत की जांच में सामने आया।
बलरामपुर में रहने वाले मुस्लिम युवक ने खुद को सीआरपीएफ कमांडेंट बताकर इंस्टाग्राम पर हिंदू युवती से मित्रता की। जाल में फंसाकर उसे लेकर अपने साथ लखनऊ आ रहा था तब ही ट्रेन में कोच अटेंडेंट ने युवती से छेड़खानी कर दी। जांच हुई तो पता चला कि युवती को लव जिहाद में फंसाकर लखनऊ लाया जा रहा है।
इस मामले में जीआरपी ने मामला दर्ज कर आरोपित को जेल भेज दिया है। रेलवे के कंट्रोल रूम से मंगलवार को सूचना मिली कि जबलपुर से लखनऊ आ रही चित्रकूट एक्सप्रेस में सफर कर रही युवती से कोच अटेंडेंट ने छेड़खानी की है। आरपीएफ और जीआरपी जब ट्रेन पर पहुंची तो पता चला कि मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले की रहने वाली एक 19 वर्षीय युवती बलरामपुर के तुलसीपुर के 38 साल के सैयद सलामत हुसैन उर्फ साहिल हुसैन के साथ यात्रा कर रही थी।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती
युवती ने बताया कि बांदा के अतर्रा रेलवे स्टेशन के पास कोच अटेंडेंट रायबरेली निवासी पवन गुप्ता ने छेड़खानी की और फिर फरार हो गया। पूछने पर पता चला कि सैयद सलामत हुसैन ने खुद को सीआरपीएफ कमांडेंट बताकर इंस्टाग्राम पर दोस्ती की थी। वह युवती को मध्य प्रदेश से चित्रकूट एक्सप्रेस से लखनऊ ला रहा था।
लखनऊ पहुंचने पर जब युवक के मुस्लिम होने और सीआरपीएफ के कमांडेंट न होने का पता चला तो युवती की तहरीर पर जीआरपी चारबाग में उसके विरुद्ध अपहरण सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया। वहीं, मामला बांदा से जुड़ा होने के कारण शून्य एफआइआर पंजीकृत कर उसे जीआरपी बांदा को स्थानांतरित कर दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपित पहले भी पीलीभीत में एक युवती को लव जिहाद के जाल में फंसाने के मामले में नामजद रहा है और वर्तमान में जमानत पर था। जीआरपी अब उसके नेटवर्क, संभावित सहयोगियों और मतांतरण से जुड़े अन्य मामलों की भी गहन जांच कर रही है।
