चारधाम हेली सेवा बुकिंग: उत्तराखंड में अब पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी व्यवस्था, आठ रूटों का हुआ चयन

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए हेली सेवा की टिकटिंग व्यवस्था को इस बार पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी बनाया जा रहा है। यूकाडा और आइआरसीटीसी ने मिलकर तैयारियां तेज की हैं।

उत्तराखंड में आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और व्यवस्थित बनाने के लिए हेली सेवा की टिकटिंग व्यवस्था को इस बार पूरी तरह समयबद्ध और पारदर्शी बनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित एजेंसियों ने संयुक्त रूप से तैयारियां तेज कर दी हैं।

हेलीकाप्टर सेवा लेने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) और इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कारपोरेशन (आइआरसीटीसी) के बीच महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें शटल सेवा, टिकटिंग प्रक्रिया और संचालन से जुड़ी व्यवस्था पर मंथन हुआ।

बताया गया कि इस बार कुल आठ रूट पर हेली आपरेटरों का चयन कर लिया गया है और उनकी इनवेंट्री जल्द ही आइआरसीटीसी पोर्टल पर अपलोड की जाएगी। इससे टिकट बुकिंग प्रक्रिया को तय समय के भीतर शुरू किया जा सकेगा। साथ ही चार नए हेली आपरेटरों के साथ ट्राइपार्टी एग्रीमेंट की औपचारिकताएं भी एक-दो दिन में पूरी करने का आश्वासन दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *