उत्तराखंड में मंदाकिनी का विकराल रूप, चेतावनी स्तर पर नदी; किनारों से दूर रहने की अपील

रुद्रप्रयाग में मंदाकिनी नदी चेतावनी स्तर पर पहुंचने के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी तटों से दूर रहने की अपील की है। जिले में कई सड़कें भी बाधित हैं, जिसके चलते सभी विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 जनपद रुद्रप्रयाग में शनिवार सुबह मौसम बादल और कोहरे से घिरा रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र की सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार मंदाकिनी नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर पर पहुंच गया है।

प्रशासन ने संभावित खतरे को देखते हुए लोगों से नदी तटों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से नदी के समीप नहीं जाने की अपील की है।

नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर पर

रिपोर्ट के अनुसार ऊखीमठ तहसील में 2.20 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जबकि रुद्रप्रयाग और जखोली में वर्षा नहीं हुई। अलकनंदा नदी का जलस्तर 625.80 मीटर, मंदाकिनी 625.00 मीटर, गंगानगर 800.20 मीटर तथा गौरीकुंड 1973.92 मीटर दर्ज किया गया। इनमें मंदाकिनी नदी का जलस्तर चेतावनी स्तर के बराबर बह रहा है।

प्रशासन ने बताया कि नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा लाउडस्पीकर के माध्यम से लगातार लोगों को नदी किनारों से दूर रहने तथा सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

वहीं, जिले में कई सड़कें भी बाधित हैं। रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-107A) एक स्थान पर बंद है। इसके अलावा एक राज्य मार्ग (SH-96), दो लोक निर्माण विभाग (PWD) मार्ग, पांच प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) मार्ग तथा एक एनपीसीसी (NPCC) मार्ग भी अवरुद्ध हैं।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आमजन से अपील की है कि किसी भी आपदा, दुर्घटना या सड़क अवरुद्ध होने की सूचना तत्काल जिला आपातकालीन परिचालन केन्द्र को उपलब्ध कराएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *