ऋषिकेश के राजकीय उप जिला चिकित्सालय की इमरजेंसी में एक महिला ने चिकित्सक से अभद्रता करते हुए पानी की बोतल फेंकी और गाली-गलौज की। यह घटना 25 अक्टूबर की रात की है, जिसका वीडियो वायरल होने के बाद महिला ने माफी मांगी और चिकित्सक ने उसे माफ कर दिया।
राजकीय उप जिला चिकित्सालय ऋषिकेश की इमरजेंसी में एक महिला ने चिकित्सक के साथ अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की और उन पर पानी की बोतल फेंक दी। घटना बीती 25 अक्टूबर की रात की है। अस्पताल के एक चिकित्सा कर्मी ने पूरी घटना का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, तपोवन क्षेत्र में हंगामा कर रही महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल लाया गया था। यहां इमरजेंसी में पहुंचते ही महिला चिकित्सक के साथ अभद्रता करने लगी। चिकित्सक ने जब इसका विरोध किया तो महिला गाली-गलौज करने लगी और पानी की बोतल फेंक दी।
इसके बाद चिकित्सक ने ऋषिकेश कोतवाली को सूचना दी। मौके पर पहुंची महिला पुलिसकर्मी ने महिला को समझाते हुए सभ्य व्यवहार करने की चेतावनी दी। महिला ने नशे में होने की बात स्वीकार करते हुए माफी मांगी। इसके बाद चिकित्सक ने भी उसे माफ कर दिया। घटना का वीडियो बीते शुक्रवार को रात से इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित होने लगा है।

