गंगा दशहरा पर ब्रजघाट और तिगरी धाम में उमड़े श्रद्धालु, आस्था की लगाई डुबकी; भारी वाहनों की हाईवे पर नो एंट्री

गंगा दशहरा पर ब्रजघाट और तिगरी धाम में डेढ़ लाख श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और यातायात प्रबंधन के कारण हाईवे पर जाम की स्थिति नहीं बनी।

 गंगा दशहरा पर सोमवार को ब्रजघाट और तिगरी धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा रहा। सुबह चार बजे स्नान शुरू हुआ तो श्रद्धालु हर-हर गंगे के उद्घोष के साथ पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाते रहे। भोर से ही गंगा मैया के जयकारों से गंगा मैया का आंचल गुंजायमान हो गया। आज डेढ़ लाख श्रद्धालुओं के स्नान करने का अनुमान लगाया जा रहा है।

गंगा दशहरा पर ब्रजघाट और तिगरी में आस्था का सैलाब

गंगा दशहरा पर सोमवार सुबह चार बजे से स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था। ब्रजघाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। दूरदराज के लोगों का रविवार शाम से ही ब्रजघाट पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर रात तक बढ़ता रहा सुबह होते-होते भारी संख्या में श्रद्धालुओं गंगा घाट पर पहुंचे और गंगा में डुबकी लगाई। बच्चों ने भी आस्था की डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने तटों पर धार्मिक अनुष्ठान भी कराए।

सुबह चार बजे शुरू हुआ स्नान

गंगा में डुबकी लगाकर सूर्य को नमस्कार किया और दान पुण्य किए। कुछ लोगों ने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया गया। इसके अलावा कई श्रद्धालुओं ने गंगा किनारे बैठकर पूजा-अर्चना की। प्रशासन की ओर से घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। कोई ज्यादा पानी में न जाए इसके लिए बैरिकेडिंग भी की गई थी। गंगा में स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में दर्शन किए और गंगा किनारे लगे मेले का भी आनंद लिया।

बच्चों ने खिलाैने खरीदे और मिठाइयों का मजा लिया

बच्चों ने खिलौने खरीदे और मिठाइयों का लुत्फ उठाया। उधर, तिगरी धाम में भी तड़के से ही श्रद्धालु पहुंचना शुरू हो गए गए थे। देर शाम तक लोगों का गंगा घाट पर पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। डीएम डॉक्टर नितिन गौड़ व एसपी लखन सिंह यादव ने भी सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लिया।

भारी वाहनों की हाईवे पर रही नो एंट्री

गजरौला। पुलिस की सतर्कता और रूट डायवर्जन प्लान लागू होने से इस पर गंगा दशहरा पर्व पर हाईवे पर यातायात समान्य रहा। गंगा दशहरा पर ब्रजघाट और तिगरी में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए प्रशासन पहले ही सतर्क था। दिल्ली हाईवे पर जाम से निपटने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया गया था। इसके तहत रविवार श्याम से ही ट्रक, कंटेनर, निजी बसें समेत सभी भारी वाहनों को बदले मार्ग से गुजरा गया।

नहीं लगा जाम

रोडवेज की बसें, कार व पिकअप समेत हल्के वाहन ही हाईवे से निकाले गए। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी वाहनों की नो एंट्री के कारण यातायात व्यवस्था ठीक रही। ऐसे बड़े पर्वों पर हाईवे पर भीषण जाम की स्थिति बन जाती थी, लेकिन इस बार प्रशासन के इस निर्णय से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। यातायात पुलिस ने भी सक्रिय भूमिका निभाई और जगह-जगह तैनात होकर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *