मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड में 20.79 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें सड़क निर्माण, सरकारी आवास, सार्वजनिक सुविधाएं और शौचालय निर्माण जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
प्रदेश में अवस्थापना विकास को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न योजनाओं के लिए 20.79 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है।
इन योजनाओं में सड़क निर्माण, सरकारी आवास, सार्वजनिक सुविधाएं और शौचालय निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत जिले के टनकपुर में न्यायिक अधिकारियों के एक टाइप-5 आवास निर्माण के लिए 1.29 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
इसकी प्रथम किस्त के रूप में 77.61 लाख रुपये जारी किए गए हैं, जिसमें केंद्रांश 69.85 लाख और राज्यांश 7.76 लाख रुपये शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त उन्होंने होमगार्ड्स एवं नागरिक सुरक्षा मुख्यालय के नागरिक सुरक्षा कार्यालय के अनावासीय भवन निर्माण कार्य के लिए 2.24 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके सापेक्ष प्रथम किस्त के रूप में 89.80 लाख रुपये जारी किए गए हैं।
उन्होंने टिहरी गढ़वाल के थौलधार विकासखंड अंतर्गत कमांद-थौलधार मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 3.52 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
वहीं, बागेश्वर के गरुड़ विकासखंड में बिनातोली से गरकोट तक मोटर मार्ग निर्माण के लिए 4.01 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत पाबों विकासखंड में चपलोडी-फल्द्वाड़ी मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 2.22 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा नैनीताल के बेतालघाट विकासखंड में दूनीखाल-रातीघाट पैदल मार्ग के सुधारीकरण को 4.01 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
देहरादून में राष्ट्रीय राजमार्ग-72 (लच्छीवाला) से गुलर स्पोर्ट्स स्टेडियम होते हुए रायपुर स्थित महाराणा प्रताप चौक तक चार लेन एक्सेस कंट्रोल कारिडोर निर्माण के लिए 1.03 करोड़ रुपये की मंजूरी प्रदान की गई है।
मुख्यमंत्री ने पौड़ी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बिल्केदार-गौरीकोट मोटर मार्ग के सुधारीकरण कार्य के लिए 3.67 करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं।
वहीं चमोली, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी जनपदों में पुरुष, महिला, ट्रांसजेंडर एवं दिव्यांगजनों के लिए पृथक शौचालय सुविधाओं के निर्माण को 66.02 लाख रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की।

