कांग्रेस ने उत्तरकाशी के जोशियाड़ा मोटरपुल के पास ‘नॉट फॉर रिटेल सेल’ लिखे सीमेंट के कट्टों की खेप मिलने के मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
बीते बुधवार को जोशियाड़ा मोटरपुल किनारे नॉट फॉर रिटेल सेल लिखे सीमेंट के कट्टों की खेप उतारे जाने के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी ने उच्चस्तरीय व निष्पक्ष जांच की मांग की है।
इस संबंध में कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह रावत ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में मामले को गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि तड़के सुबह साढ़े चार बजे जोशियाड़ा मोटरपुल के निकट सड़क किनारे एक टिप्पर वाहन से नाट फार रिटेल सेल लिखे 260 कट्टे सीमेंट उतारे जाने का मामला चर्चाओं में है।
जानकारी के अनुसार इन सीमेंट के बैगों पर श्री सीमेंट नान ट्रेड अंकित है। प्रथम दृष्टया यह सीमेंट सीमा सड़क संगठन के निर्माण कार्यों में उपयोग होने वाली सरकारी सामग्री प्रतीत होती है। यह जांच का विषय है कि इतनी बड़ी मात्रा में सीमेंट वहां कैसे पहुंचा और किसके निर्देश पर उतारा गया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मांग की कि जोशियाड़ा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की सुबह की फुटेज तत्काल सुरक्षित कराकर जांच करने की मांग की। इसके साथ ही संबंधित बीआरओ की लागबुक, चालक के बयान, सीमेंट स्टाक एवं निर्गमन से संबंधित अभिलेखों की भी जांच करने की मांग उठाई।
