पांच साल बाद उत्तर प्रदेश ने जीता अंडर-17 नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप का खिताब

पुणे: उत्तर प्रदेश की अंडर-17 बालक बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 41वीं यूथ बास्केटबॉल नेशनल चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। पांच साल के लंबे इंतजार के बाद यूपी की टीम ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है।

फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने मध्य प्रदेश को 76-71 के करीबी अंतर से हराकर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। दोनों टीमों के बीच मुकाबला काफी रोमांचक रहा, लेकिन यूपी के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए जीत दर्ज की।

इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के दर्शिल सिंह को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए टूर्नामेंट का सबसे मूल्यवान खिलाड़ी (MVP) चुना गया। उन्हें 50 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं, चैंपियन बनने वाली उत्तर प्रदेश की टीम को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

उत्तर प्रदेश बास्केटबॉल संघ के अध्यक्ष सुनील दत्ता और सचिव दिलीप सिंह ने टीम की इस शानदार सफलता पर खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बधाई दी। उपाध्यक्ष सीमा शर्मा ने कहा कि यह जीत खिलाड़ियों की मेहनत, टीम वर्क और प्रशिक्षकों के बेहतर मार्गदर्शन का नतीजा है।

संघ के संरक्षक आलोक शर्मा की भूमिका को भी इस उपलब्धि के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। उत्तर प्रदेश की इस जीत से राज्य में बास्केटबॉल खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *