हरिद्वार में गंगनहर हत्याकांड के मुख्य आरोपी, मृतक रवि चौहान के दामाद पंकज को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गंगनहर में मिले स्कूल वाहन चालक रवि चौहान की सनसनीखेज हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
संपत्ति विवाद में रची गई इस साजिश के मुख्य आरोपित और मृतक के दामाद पंकज को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में पहले ही दो शूटरों की गिरफ्तारी के बाद यह अहम कार्रवाई मानी जा रही है।
गौरतलब है कि ज्वालापुर के सीतापुर क्षेत्र निवासी रवि चौहान कुछ दिन पहले अचानक लापता हो गए थे।
तीन दिन बाद उनका शव गंगनहर से बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया था। जांच में सामने आया कि यह हत्या सुनियोजित तरीके से संपत्ति के लालच में की गई थी।
जिसमें डेढ़ लाख रुपये के बदले शराब पिलाकर रवि चौहान को नहर में धक्का देने की साजिश रची गई थी।
पुलिस ने इससे पहले इस मामले में नदीम और दानिश को गिरफ्तार कर पूरे षड्यंत्र का खुलासा किया था।
पूछताछ में मास्टरमाइंड के रूप में पंकज और उसके भांजे गौतम का नाम सामने आया था, जो तभी से फरार चल रहे थे। अब पुलिस ने पंकज को ज्वालापुर क्षेत्र से दबोच लिया है, जबकि गौतम की तलाश जारी है।
कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है और फरार गौतम की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

