भारी बारिश से हसनपुर कल्याणपुर में दो मकान गिरे, बेघर हुए परिवारों को नहीं मिली मदद

देहरादून के हसनपुर कल्याणपुर में भारी बारिश के कारण दो कच्चे मकान ढह गए, जिससे इमरान और वहीदन के परिवार बेघर हो गए।

 ग्राम पंचायत हसनपुर कल्याणपुर में मूसलधार बारिश के दौरान भारी नुकसान हुआ। इस बीच गांव में दो कच्चे मकान ढह गए। पीड़ित परिवारों के सामने अब गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के चलते अब तक किसी प्रकार की सहायता नहीं मिली है।

क्षेत्र पंचायत सदस्य प्रतिनिधि मोहम्मद आरिफ ने बताया कि हसनपुर शेरपुर के वार्ड नंबर छह निवासी इमरान और वहीदन के घरों को भारी नुकसान हुआ है।

एक मकान की दीवारें पूरी तरह गिर गईं, जबकि दूसरा कच्चा मकान मलबे में तब्दील हो गया। इससे घर के अंदर रखी खाद्य सामग्री, अनाज, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान पूरी तरह नष्ट हो गए।

आरिफ ने कहा कि घटना के तुरंत बाद ही संबंधित विभागों और स्थानीय प्रशासन को फोन के माध्यम से सूचना दी गई। लेकिन विडंबना यह रही कि मौके पर निरीक्षण के लिए कोई अधिकारी नहीं पहुंचा है।

पीड़ित परिवार बेहद दयनीय स्थिति में हैं। सिर से छत छिन जाने के कारण परिवार के सदस्यों को मजबूरन पड़ोसियों के यहां शरण लेनी पड़ी है।

लगातार हो रही बारिश के बीच पीड़ितों के सामने दो वक्त की रोटी और सुरक्षित रहने का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस बीच प्रशासन और संबंधित विभागों की संवेदनहीनता को लेकर ग्रामीणों में रोष है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्राकृतिक आपदा के समय भी यदि जिम्मेदार अधिकारी सुध नहीं लेंगे, तो गरीबों की मदद कौन करेगा।

क्षेत्र पंचायत प्रतिनिधि मोहम्मद आरिफ एवं स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और उपजिलाधिकारी से मांग की है कि तत्काल राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजकर हुए नुकसान का आकलन कराया जाए।

हसनपुर में हादसे को दावत दे रहे बिजली के तार

ग्राम हसनपुर के वार्ड नंबर नौ में बिजली के खंभों पर लटकते तार ग्रामीणों के लिए गंभीर समस्या बन गए हैं। यह खंभा एक घर के बीच स्थित है, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। बरसात के मौसम में यह खतरा और बढ़ जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *