उत्तराखंड के ‘हाउस आफ हिमालयाज’ उत्पाद अब खाड़ी देशों में अपनी पहचान बनाएंगे। अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में सफल पहुंच के बाद, अब खाड़ी देशों की चार कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से बातचीत चल रही है। प्रधानमंत्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन के तहत, अगले दो-तीन माह में इन उत्पादों की खाड़ी देशों में उपलब्धता सुनिश्चित करने का लक्ष्य है, साथ ही न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया में भी विस्तार की योजना है।
उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों के अंब्रेला ब्रांड हाउस आफ हिमालयाज के उत्पाद वैश्विक स्तर पर चमक बिखेर रहे हैं। अमेरिका, मैक्सिको व कनाडा में ई-कामर्स प्लेटफार्म अमेजन ग्लोबल के माध्यम से इनकी पहुंच सुनिश्चित करने के बाद अब इन्हें खाड़ी देशों में भेजने की तैयारी है।
इस क्रम में खाड़ी के देशों में कार्यरत चार कपंनियों के साथ ही ई-कामर्स प्लेटफार्म से बातचीत चल रही है। प्रयास यह है कि अगले दो-तीन माह के भीतर उत्तराखंड से स्थानीय उत्पाद इन देशों में पहुंचने लगें।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वोकल फार लोकल और लोकल टू ग्लोबल के दृष्टिकोण के अनुरूप उत्तराखंड सरकार ने राज्य के स्थानीय उत्पादों को बाजार मुहैया कराने के लिए अंब्रेला ब्रांड हाउस आफ हिमालयाज लांच किया। प्रधानमंत्री मोदी ने ही आठ दिसंबर 2023 को देहरादून में इस ब्रांड को लांच किया।
उनके प्रतिनिधियों का कहना था कि संयुक्त अरब अमीरात, ओमान, कतर समेत अन्य खाड़ी देशों में भारतीय मूल के लोगों की अच्छी खासी संख्या है। वहां जैविक खाद्य पदार्थों की मांग भी बहुत है। ऐसे में उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद इसके लिए बेहतर विकल्प बन सकते हैं।
अपर सचिव ग्राम्य विकास झरना कमठान के अनुसार इन कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत चल रही है। इसके अलावा अमेजन ग्लोबल समेत अन्य ई-कामर्स प्लेटफार्म से भी बातचीत अंतिम दौर में है।
न्यूजीलैंड व आस्ट्रेलिया भी पहुंचेंगे उत्पाद
अपर सचिव कमठान ने बताया कि न्यूजीलैंड और आस्ट्रेलिया के बाजारों में भी हाउस आफ हिमालयाज के उत्पादों की उपलब्धता के दृष्टिगत कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इस सिलसिले में बाक्स आफ इंडिया के साथ साझेदारी की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

