दून अस्पताल छेड़छाड़ मामला: पुलिस जांच में गलतफहमी निकली, दोनों पक्षों में हुआ समझौता

दून अस्पताल के एक कर्मचारी के खिलाफ महिला से छेड़छाड़ की शिकायत को पुलिस ने गलतफहमी बताया।

 दून अस्पताल में कार्यरत एक कर्मचारी के खिलाफ अभद्र व्यवहार व महिला से छेड़छाड़ की शिकायत कोतवाली देहरादून के धारा चौकी पहुंची, जहां पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों पक्षों को बुलाकर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, मंगलवार को एक महिला ने चौकी धारा पहुंचकर दून अस्पताल में कार्यरत एक व्यक्ति के खिलाफ अभद्र व्यवहार की मौखिक शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर मौके पर मौजूद संबंधित स्टाफ से भी जानकारी जुटाई।

दोनों पक्षों के बीच हुई गलतफहमी

पूछताछ और आपसी वार्ता के दौरान सामने आया कि विवाद दोनों पक्षों के बीच हुई गलतफहमी के कारण उत्पन्न हुआ था। मामले की स्थिति स्पष्ट होने के बाद महिला ने भी घटना को गलतफहमी का परिणाम स्वीकार किया।

महिला द्वारा चौकी धारा में लिखित रूप से पत्र देकर मामले में किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्रवाई नहीं किए जाने की बात कही गई, जिसके बाद मामला शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *