देहरादून के सरनीमल बाजार में गांधी संस प्रतिष्ठान में वेल्डिंग की चिंगारी से आग लग गई, जिससे अफरातफरी मच गई।
पलटन बाजार से सटे शहर के घनी आबादी वाले और संकरे सरनीमल बाजार में बुधवार को आग लगने से अफरातफरी मच गई।
आग गांधी संस प्रतिष्ठान में लगी, जिसके बाद आसपास के व्यापारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
व्यापारियों में हड़कंप
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भवन की छत पर वेल्डिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान निकली चिंगारी से आग भड़क गई और देखते ही देखते उसने सामान को अपनी चपेट में ले लिया। बाजार की संकरी गलियों के कारण दमकल वाहनों और कर्मियों को राहत कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
फायरकर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया और उसे आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।
गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि आग से प्रतिष्ठान में नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं।

