एयरफोर्स AFCAT 2027 के लिए आवेदन शुरू, युवाओं को वायुसेना में अधिकारी बनने का मौका

भारतीय वायुसेना में फ्लाइंग और ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच में भर्ती, 11 दिसंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन

भारतीय वायुसेना में अपना करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। एयर फोर्स कॉमन एडमिशन टेस्ट (AFCAT 2027) के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस भर्ती के माध्यम से योग्य उम्मीदवारों को वायुसेना की फ्लाइंग ब्रांच और ग्राउंड ड्यूटी (टेक्निकल एवं नॉन-टेक्निकल) शाखाओं में अधिकारी बनने का अवसर मिलेगा।

इस भर्ती में चयनित अभ्यर्थियों को जनवरी 2028 से शुरू होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल किया जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित योग्यता और आयु सीमा के अनुसार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

तीन अलग-अलग ब्रांच में करियर बनाने का अवसर

AFCAT के माध्यम से भारतीय वायुसेना में तीन प्रमुख क्षेत्रों में प्रवेश का मौका मिलता है। फ्लाइंग ब्रांच के तहत पायलट बनने का अवसर मिलता है, जबकि ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल ब्रांच में तकनीकी जिम्मेदारियां और नॉन-टेक्निकल ब्रांच में प्रशासनिक सहित अन्य कार्यों को संभालना होता है।

परीक्षा का पैटर्न और चयन प्रक्रिया

AFCAT परीक्षा में सामान्य जागरूकता, अंग्रेजी भाषा, संख्यात्मक क्षमता, रीजनिंग और मिलिट्री एप्टीट्यूड से संबंधित कुल 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 300 अंकों की होगी। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 3 अंक मिलेंगे, जबकि गलत उत्तर पर 1 अंक काटा जाएगा।

परीक्षा केवल अंग्रेजी माध्यम में आयोजित होगी। लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को आगे एयर फोर्स सिलेक्शन बोर्ड (AFSB) की चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। इसमें साइकोलॉजिकल टेस्ट, ग्रुप टेस्ट और इंटरव्यू शामिल हैं। इसके बाद मेडिकल परीक्षण और मेरिट के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

फ्लाइंग ब्रांच के लिए उम्मीदवार की आयु 20 से 24 वर्ष के बीच होनी चाहिए। वहीं, ग्राउंड ड्यूटी ब्रांच के लिए आयु सीमा 20 से 26 वर्ष निर्धारित की गई है।

फ्लाइंग ब्रांच के लिए 12वीं में गणित और भौतिक विज्ञान विषयों के साथ उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त स्नातक या बीई/बीटेक की डिग्री भी निर्धारित योग्यता के अनुसार जरूरी है।

ग्राउंड ड्यूटी टेक्निकल ब्रांच के लिए संबंधित विषय में इंजीनियरिंग या समकक्ष योग्यता तथा नॉन-टेक्निकल ब्रांच के लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता होना आवश्यक है।

आवेदन कैसे करें?

उम्मीदवार भारतीय वायुसेना की आधिकारिक वेबसाइट afcat.edcil.co.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। AFCAT 01/2027 के आवेदन लिंक पर क्लिक करके पंजीकरण करें। इसके बाद व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक विवरण और आवश्यक दस्तावेज अपलोड करके निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें।

आवेदन शुल्क 649 रुपये निर्धारित किया गया है।

महत्वपूर्ण तिथियां

  • आवेदन की अंतिम तिथि: 11 दिसंबर 2026
  • प्रवेश पत्र जारी होने की तिथि: 27 जनवरी 2027
  • ऑनलाइन परीक्षा की तिथि: 31 जनवरी 2027

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: यदि आप भारतीय वायुसेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करना चाहते हैं, तो AFCAT 2027 आपके लिए एक बेहतरीन करियर विकल्प हो सकता है। आवेदन करने से पहले आधिकारिक नोटिफिकेशन में अपनी पात्रता अवश्य जांच लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *