राजस्थान व जम्मू कश्मीर में भी मुख्यमंत्री धामी राष्ट्रीय स्तर पर होंगे पार्टी के स्टार प्रचारक

उत्तराखंड में लिए गए बड़े फैसलों का लोगों के बीच में प्रचार करने के लिए भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को राजस्थान, उत्तरप्रदेश और जम्मू कश्मीर के प्रमुख स्टार प्रचारकों में शामिल किया है। धामी इन तीनों राज्यों में चुनाव प्रचार करेंगे।

राज्य में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, दंगा रोधी कानून, लैंड जिहाद, जबरन धर्मांतरण रोकने के कानून को बनाने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की राष्ट्रीय स्तर पर मांग बढ़ी है। लोकसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने टॉप स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इस सूची में भी देवभूमि से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी टॉप पर हैं। तीनों राज्यों में करीब 30 से 40 स्टार प्रचारक हैं लेकिन उत्तराखंड से सिर्फ मुख्यमंत्री धामी का नाम शामिल है। माना जा रहा है कि भाजपा केंद्रीय नेतृत्व लोस चुनाव में धामी सरकार के बड़े फैसलों को देशभर में नजीर के रूप में प्रदर्शित करना चाहता है।

पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी ने कहा, ऐतिहासिक एवं साहसिक निर्णयों के चलते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की बढ़ती स्वीकार्यता प्रत्येक राज्यवासी के लिए गर्व का विषय है। पार्टी प्रदेश मीडिया सेंटर में मीडिया से बातचीत में जोशी ने कहा, अपने दो वर्ष के इस दूसरे कार्यकाल में पुष्कर धामी ने दृढ़ इच्छा शक्ति, दूरदर्शिता, सजगता और संवेदनशीलता का परिचय दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *