उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज मंडल 39 स्टेशनों के 55 प्लेटफार्मों की ऊंचाई एक फीट बढ़ाएगा, जिससे ट्रेनों में चढ़ना आसान होगा। यह बदलाव यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए किया जा रहा है, खासकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए।
उत्तर मध्य रेलवे अब प्लेटफार्मों की ऊंचाई एक फीट बढ़ाएगा, इससे ट्रेनों पर चढ़ना आसान हो जाएगा। पहले चरण में प्रयागराज मंडल के 39 स्टेशन के 55 प्लेटफार्म चुने गए हैं, इनमें कानपुर के चकेरी, चंदारी, रूमा, करबिगवां, प्रेमपुर, कंसपुर गुगौली, कानपुर देहात के मैथा, मैनपुरी और यहीं के भोगांव, इटावा के जसवंत नगर, फर्रुखाबाद का नीब करौरी, हाथरस आदि शामिल हैं। इनकी ऊंचाई एक फीट कम होने से ट्रेनों के कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों को सीढ़ी पर पांव रखना पड़ता है, जिससे कई बार फिसल कर गिरने से हादसे भी हो चुके हैं।
अंग्रेजों के जमाने के प्लेटफार्म के बदलेंगे स्वरूप
जिन स्टेशनों पर काम होने हैं, उनमें से अधिकांश का निर्माण ब्रिटिश काल में किया गया। पुराने रेल ढांचे में अब यात्री सुविधाओं के लिहाज से बदलाव किया जा रहा है। ट्रैक से प्लेटफार्म की लगभग ऊंचाई 2.5 फीट होनी चाहिए। मंडल के कई स्टेशनों के प्लेटफार्म पर मानक से कम ऊंचाई वाले प्लेटफार्म हैं, जिन्हें अब ऊंचा करने का खाका रेलवे ने खींचा है। इस सुविधा के बाद से यात्रियों ट्रेन में चढ़ने के लिए ज्यादा ऊंची सीढ़ी नहीं चढ़नी पड़ेगी। बुजुर्ग और बच्चों के गिरने का जोखिम कम होगा।
इन स्टेशनों के प्लेटफार्म होंगे ऊंचे
पहारा, मेजा रोड, गजपुरा, सुजातपुर, भमरौली, कंवर, रूमा, माल्वाह, चकेरी, कुरस्तीकलां, चंदारी, करभिगवा, प्रेमपुर, कंसपुर गुगौली, रसूलाबाद, सरसौल, मेथा, कंचौसी, भोगांव, करौरा, भड़न, जसवंतनगर, नीब करौरी, मैनपुरी, मक्खनपुर, जलेसर रोड, सासनी, बरहन, पतरा, मनोहरगंज, बलराय, पाता, मंजूरगढ़ स्टेशन के प्लेटफार्म ऊंचे होंगे।

