ट्रांसजेंडर समुदाय को मिले समान अवसर, अधिकार और सम्मान: सामाजिक भागीदारी पर जोर

देहरादून में विधि पाठशाला 6.0 का आयोजन, ट्रांसजेंडर समुदाय को कानूनी अधिकारों और सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक

देहरादून। ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को संकल्प फाउंडेशन की ओर से विधि पाठशाला 6.0 का आयोजन किया गया। पुलिस लाइन सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में समुदाय के लोगों को संवैधानिक अधिकारों, कानूनी प्रावधानों, सरकारी योजनाओं और न्यायिक प्रक्रियाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ समाज में व्याप्त भेदभाव और असमानता को समाप्त करने का संदेश देना रहा

संकल्प फाउंडेशन के संस्थापक, ट्रांसजेंडर उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता अदिति शर्मा ने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय को सहानुभूति के बजाय समान अधिकार और सम्मान की आवश्यकता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा, रोजगार, कानूनी सहायता और विकास के समान अवसर मिलने चाहिए।

उन्होंने कहा कि ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग भी शिक्षा प्राप्त कर अपने व्यवसाय शुरू करना चाहते हैं और रोजगार के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान देना चाहते हैं। इसके बावजूद उन्हें आज भी कई स्तरों पर सामाजिक भेदभाव और असमान व्यवहार का सामना करना पड़ता है

विधि पाठशाला के माध्यम से प्रतिभागियों को उनके संवैधानिक अधिकारों, कानूनी सुरक्षा और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में यह संदेश भी दिया गया कि जागरूकता और सही कानूनी जानकारी के माध्यम से समुदाय के लोग अपने अधिकारों के लिए प्रभावी तरीके से आवाज उठा सकते हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दीपिका रावत भारद्वाज तथा उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की पूर्व अध्यक्ष डॉ. गीता खन्ना मौजूद रहीं। इसके अलावा वीर सिंह पंवार, प्रिया गुलाटी और डॉ. सबाना सहित अन्य अतिथियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि ट्रांसजेंडर समुदाय को समाज में बराबरी का स्थान देना केवल सामाजिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि उनके मौलिक अधिकारों का सम्मान भी है। जब उन्हें शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलेंगे, तभी एक समावेशी और समानता आधारित समाज का निर्माण संभव होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *