उत्तराखंड में गर्मी के खतरनाक तेवर: पारा 40 पार, अगले एक हफ्ते आसमान से बरसेगी ‘आग’

हल्द्वानी में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है, जहां पारा 39.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है और अगले सप्ताह 41 डिग्री तक जाने की संभावना है।

 गर्मी का प्रकोप फिर से बढ़ने लगा है। सूरज के आग उगलने से तराई-भाबर क्षेत्र तप रहा है। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के करीब पहुंच गया है। ताप के प्रचंड प्रताप के बीच क्षेत्रवासी बिजली और पानी का संकट झेल रहे हैं।

पेयजल सप्लाई प्रभावित होने से लोगों को तपिश के बीच टैंकरों से पानी भरना पड़ रहा है। मौसम की मार के बीच सरकारी मदद भी पर्याप्त नहीं हो पा रही है। वहीं, ऊर्जा निगम भी दिन में एक से दो घंटे बिजली के झटके दे रहा है।

मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना

हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र पारे का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। मंगलवार को दिन का पारा 0.3 डिग्री बढ़कर 39.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। भीषण गर्मी के बीच लोग अब दोपहर के समय घरों निकलने में भी परहेज कर रहे हैं।

इधर, मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी एक सप्ताह तक मैदानी क्षेत्रों में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना जताई है। हल्द्वानी सहित आसपास क्षेत्र में पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।

10 हजार से अधिक आबादी परेशान

इंदिरा नगर क्षेत्र में पानी की सबसे ज्यादा समस्या बनी हुई है। इंदिरा नगर छोटी सड़क, बड़ी सड़क, मोहम्मदी चौक, दुर्गा मंदिर आदि सहित करीब एक दर्जन इलाकों में एक सप्ताह से समस्या बनी हुई है। ऐसे में 10 हजार से अधिक आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पूर्व सभासद शकील सलमानी ने कहा कि जल संस्थान के अधिकारियों से मिलने के बाद भी सप्लाई सुचारू नहीं हो पाई है। क्षेत्र की बड़ी आबादी आर्थिक रूप से कमजोर है। ऐसे में सरकारी टैंकरों से पर्याप्त पानी नहीं मिलने के कारण आसपास के क्षेत्रों से भी बाल्टियां भरकर लाने को मजबूर हैं।

सरकारी स्कूलों में मध्याह्न भोजन बनाने में भी दिक्कत हो रही है। जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। चौफुला क्षेत्र के नलकूप में दिक्कत होने की वजह से 5000 से अधिक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दमुवाढूंगा, कुसुखेड़ा और पनियाली के अंतिम छोर वाले घरों में भी पानी की पर्याप्त सप्लाई नहीं हो पा रही है।

इधर, ऊर्जा निगम ने मंगलवार को रानीबाग क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से एक बजे तक बिजली कटौती की। उपकेंद्र में काम करने का हवाला देते हुए शटडाउन लिया गया। ईई प्रदीप कुमार ने बताया कि बुधवार को गौलापार क्षेत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। इसके बाद के प्रस्तावित शटडाउन स्थगित करने की जानकारी दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *