उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, देहरादून समेत 7 जिलों में भारी बारिश का ‘येलो अलर्ट’

उत्तराखंड में आज देहरादून सहित सात जिलों में हल्की से मध्यम और कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

उत्तराखंड में पहाड़ से मैदान तक बादल मंडरा रहे हैं। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। हालांकि, बीते दो दिनों से प्रदेश में भारी वर्षा का दौर थमा हुआ है और कहीं-कहीं तेज बौछारें दर्ज की गईं।

रविवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में दिनभर आंशिक बादल छाए रहे, जबकि पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं तेज बौछारें दर्ज की गईं। अगले कुछ दिनों में वर्षा की गतिविधियों में और तेजी आने के आसार हैं। दून में धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही और हाथीबड़कला क्षेत्र में तेज बौछारें पड़ीं।

अन्य इलाकों में भी शाम को घने बादल छाये रहे। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और गर्जन के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। विभाग ने देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।

इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की आशंका जताई गई है। इसके अलावा पर्वतीय जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने व वर्षा के तीव्र से अति तीव्र दौर संभव हैं। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिलों में भी गर्जन और बिजली चमकने की चेतावनी जारी की गई है।

40 घंटे बाद खुला कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग

लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण बंद पड़ा तवाघाट-लिपुलेख (कैलास मानसरोवर यात्रा) मार्ग करीब 40 घंटे बाद रविवार दोपहर यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। मलघाट क्षेत्र में पहाड़ से लगातार पत्थर और बोल्डर गिरने के कारण शुक्रवार रात से हाईवे पूरी तरह बंद था, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं।

सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने बारिश थमने के बाद मशीनों की मदद से मलबा हटाकर मार्ग को दोपहर बाद यातायात के लिए खोल दिया। इस दौरान धारचूला-तवाघाट मार्ग कुलागढ़ के समीप तथा मुनस्यारी-मिलम मार्ग भी भूस्खलन के कारण कुछ समय के लिए बाधित रहे, जिन्हें बाद में खोल दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *