मोहनपुर (गया) के गंभीरा गांव में बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले के साथ सड़क पर विवाद हो गया। वाहन हटाने को लेकर हुए झगड़े में विधायक के साथ धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद 7 नामजद सहित 20 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है।
मोहनपुर थाना क्षेत्र के गंभीरा गांव में रविवार को एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही बाराचट्टी विधायक ज्योति मांझी के काफिले के साथ सड़क पर विवाद हो गया।
मामले ने देखते ही देखते तनावपूर्ण रूप ले लिया। घटना को लेकर विधायक ज्योति मांझी ने मोहनपुर थाना में लिखित आवेदन देकर सात नामजद सहित 20 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
विधायक के आवेदन के अनुसार, वह बुमुआर पंचायत के गंभीरा गांव में आदर्शी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने जा रही थीं। इसी दौरान सड़क के बीच एक सवारी वाहन (बीआर02 एम-2542) खड़ा रहने से उनका काफिला रुक गया। सुरक्षा कर्मियों द्वारा वाहन हटाने का आग्रह किए जाने पर वहां मौजूद लोगों के साथ कहासुनी शुरू हो गई।
अफरा-तफरी का माहौल बना
आरोप है कि कुछ लोग अचानक उग्र हो गए और विधायक के अंगरक्षकों के साथ धक्का-मुक्की करने लगे। विधायक ने अपने आवेदन में कहा है कि जब स्थिति बिगड़ती देख वह वाहन से उतरीं तो उनके साथ भी अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज एवं धक्का-मुक्की की गई। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विधायक वाहन में बैठकर लोगों को शांत कराने का प्रयास करती रहीं, लेकिन माहौल काफी देर तक तनावपूर्ण बना रहा। विधायक ने सात स्थानीय लोगों को नामजद आरोपित की है।
वहीं, 13 अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपित किया गया है। विधायक ने घटना का वीडियो फुटेज होने का दावा करते हुए पुलिस को उपलब्ध कराने की बात कही है।
सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। बाद में स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया, जिसके बाद विधायक का काफिला सुरक्षित आगे बढ़ सका।
आवेदन मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो फुटेज एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

