सांसद पप्पू यादव ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र में रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार और यात्री सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर मांग पत्र सौंपा। उन्होंने पूर्णिया कोर्ट स्टेशन के विकास, वॉशिंग पिट की स्थापना, नई ट्रेनों की शुरुआत और जलालगढ़-किशनगंज रेल लाइन को मंजूरी देने की मांग की, जिस पर मंत्री ने कार्रवाई का आश्वासन दिया।
पूर्णिया के निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पूर्णिया लोकसभा क्षेत्र सहित पूरे सीमांचल और पूर्वोत्तर बिहार में रेलवे के इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार व यात्री सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर रेल मंत्री को एक विस्तृत मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा।
सांसद ने पूर्णिया कोर्ट रेलवे स्टेशन एवं पूर्णिया जंक्शन के सर्वांगीण विकास, उन्हें ‘अमृत भारत स्टेशन योजना’ में प्राथमिकता के आधार पर शामिल करने तथा पूर्णिया में वॉशिंग कोचिंग पिट (Washing Coaching Pit) की तत्काल स्थापना की पुरजोर वकालत की।
पूर्णिया कोर्ट स्टेशन का मास्टर प्लान बनाकर हो पुनर्विकास
सांसद पप्पू यादव ने रेल मंत्री से बातचीत के दौरान कहा कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन को आधुनिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से लैस करने के लिए एक चरणबद्ध मास्टर प्लान तैयार कर उसका पुनर्विकास (Redevelopment) किया जाना बेहद आवश्यक है।
वॉशिंग पिट की दी दलील
उन्होंने पूर्णिया में वॉशिंग कोचिंग पिट के निर्माण की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि वॉशिंग पिट बनने से नई लंबी दूरी की ट्रेनों का रखरखाव, नियमित धुलाई और मेंटेनेंस स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा, जिससे पूर्णिया से सीधे देश के प्रमुख महानगरों के लिए नई ट्रेनें शुरू करने का रास्ता साफ होगा।
कोसी-सीमांचल का मुख्य केंद्र है पूर्णिया
पप्पू यादव ने बताया कि पूर्णिया कोर्ट स्टेशन कोसी, सीमांचल और पूर्वोत्तर बिहार के लाखों लोगों की लाइफलाइन है। प्रतिदिन यहां से हजारों की संख्या में यात्री सफर करते हैं, लेकिन वर्तमान में स्टेशन की आधारभूत संरचना (Infrastructure) अत्यधिक यात्री भार के अनुरूप नहीं है। उन्होंने स्टेशन परिसर, शेड, प्लेटफॉर्मों का चौड़ीकरण व उन्नयन, आधुनिक लिफ्ट/एस्केलेटर युक्त फुट ओवरब्रिज (FOB) और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाओं के विस्तार की मांग रखी।
दानापुर ट्रेन में अनदेखी पर जताई आपत्ति
सांसद ने दानापुर-सहरसा के बीच प्रस्तावित नई एक्सप्रेस ट्रेन के रूट में पूर्णिया की अनदेखी किए जाने पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराई और पूर्णिया से सीधे पटना व दिल्ली के लिए नई सुपरफास्ट ट्रेन सेवाओं की मांग की। इसके साथ ही उन्होंने जोगबनी-दानापुर वंदे भारत एक्सप्रेस (Vande Bharat Express) का पाटलिपुत्र जंक्शन पर 2 मिनट का आधिकारिक ठहराव दिए जाने का आग्रह किया।
जलालगढ़-किशनगंज नई रेल लाइन की डीपीआर को जल्द मिले मंजूरी
रेल नेटवर्क के विस्तार पर चर्चा करते हुए सांसद पप्पू यादव ने जलालगढ़-किशनगंज नई रेल लाइन परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) को जल्द से जल्द रेल मंत्रालय से मंजूरी दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस नई रेल लाइन के बनने से सीमांचल के दूरदराज और पिछड़े इलाकों में कनेक्टिविटी बढ़ेगी, जिससे व्यापार, रोजगार और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और संबंधित रेल अधिकारियों को इन प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई व समीक्षा करने के निर्देश दिए।

