बदायूं में एक सरकारी अधिकारी की गाड़ी से कुत्ते को बांधकर घसीटने का दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है। इस घटना से पशु प्रेमी और पुलिस हरकत में आ गए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर डीटीओ (जिला क्षय रोग अधिकारी) लिखी कार से कुत्ता बांधकर घसीटने का मामला सामने आया है। इसका एक वीडियो भी प्रसारित हुआ है। बताया जा रहा कि शहर से कुत्ता बांधकर अलापुर रोड पर घसीटा गया और फिर उसे कुलचौरा गांव के नजदीक ले जाकर सड़क किनारे फेंक दिया गया। जब ये वीडियो पर प्रसारित हुआ तो खलबली मच गई। पशु प्रेमी और पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है। अभी किसी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।
यह मामला सोमवार सुबह करीब बजे का बताया जा रहा है। इस दौरान डीटीओ लिखी कार बदायूं शहर से अलापुर मार्ग की ओर जा रही थी और उसके पीछे रस्सी से कुत्ता बना हुआ था। कार उसे घसीटते हुए ले जा रही थी। बताया जा रहा है कि उसके पीछे-पीछे चल रहे कार सवार लोगों ने उसका वीडियो बना लिया।
उस दौरान कुत्ता सामने से आ रहे कई वाहनों से भी टकराया था। कार कुत्ते को घसीटते हुए अलापुर रोड पर कुलचौरा गांव के नजदीक पहुंची और वहां चालक ने कार रोकी और फिर कुत्ते को सड़क किनारे डाल दिया। इस दौरान पीछे चलने वाले कार सवारों ने चालक को टोंका भी था और कुत्ते को घसीटने का विरोध किया।
इस पर चालक ने बताया कि यह गाड़ी डीटीओ के यहां चल रही है। डाक्टर साहब ने ही कहा था कि यह कुत्ता बांधकर ले जाओ और कहीं सड़क किनारे ले जाकर डाल दो। इससे वह कुत्ते को बांधकर ले आया। इधर बताया जा रहा है कि जिस वक्त ये वीडियो बनाया गया। उस दौरान प्रतीत हो रहा था कि शायद कुत्ते की मृत्यु हो चुकी थी और चालक उसके शव को घसीटता हुआ अलापुर रोड़ पर पहुंचा था।
कार के नंबर और ट्रांसपोर्ट के नाम के आधार पर जब ट्रांसपोर्ट मालिक से बात की गई तो उन्होंने स्पष्ट बताया कि कार डीटीओ के यहां लगी है। मंगलवार को यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गई। वीडियो को एक्स हैंडल पर भी अपलोड किया गया है और पशु मित्र विकेंद्र शर्मा ने कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उसके बाद से पुलिस भी मामले की छानबीन में जुट गई है।

