Kedarnath की बर्फीली वादियों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, पहले ही दिन टूटे रिकॉर्ड

भगवान केदारनाथ के कपाट खुलने के साथ ही बर्फ से ढकी वादियों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।  पहले ही दिन हजारों भक्तों ने दर्शन किए, जिससे यात्रा में उत्साह का माहौल है।

 हिमालय की गोद में बसे पवित्र धाम में आस्था, प्रकृति और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला, जब भगवान केदारनाथ के कपाट खुलने के साथ ही पूरे धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। बर्फ से आच्छादित पर्वत श्रृंखलाओं के बीच स्थित मंदिर का दिव्य स्वरूप हर किसी को मंत्रमुग्ध कर रहा है।

ये है आंकड़ा

पहले ही दिन हजारों श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस किया। केदारनाथ यात्रा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि पहले ही दिन 38 हजार भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए। इससे पहले 2025 में 30 हजार से ज्यादा भक्त पहले ही दिन केदारनाथ धाम पहुंचे थे।

साल 2020 व 2021 में कोविड के चलते भक्तों की संख्या सीमित रही, जबकि 2022 में लगभग 20 हजार भक्त पहले दिन दर्शन को पहुंचे थे। 2023 में यह संख्या बढ़कर करीब 24 हजार और 2024 में 29 हजार पहुंची थी। 2025 में तीस हजार से ज्यादा भक्तों ने पहले दिन दर्शन किए थे। जबकि इस साल 38 हजार तीर्थयात्रियों ने धाम में माथा टेका।

 51 क्विंटल फूलों से सजाया गया धाम

कपाटोद्घाटन के पावन अवसर पर श्री केदारनाथ मंदिर को 51 क्विंटल से अधिक देशी-विदेशी फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। रंग-बिरंगे फूलों की साज-सज्जा ने मंदिर की अलौकिक सुंदरता को और भी निखार दिया। केदारपुरी की फिजाओं में गूंजते वैदिक मंत्रोच्चार, घंटियों की ध्वनि और शंखनाद ने वातावरण को पूर्णतः आध्यात्मिक बना दिया, मानो स्वयं देवताओं का आगमन हो रहा हो।

इस समय केदारनाथ धाम के चारों ओर की पर्वत चोटियां पूरी तरह बर्फ से ढकी हुई हैं, जो इस पावन स्थल की सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं। सफेद बर्फ की चादर के बीच विराजमान बाबा केदार का मंदिर किसी स्वर्गिक दृश्य से कम प्रतीत नहीं हो रहा। श्रद्धालु न केवल भगवान के दर्शन कर रहे हैं, बल्कि हिमालय की इस अद्भुत प्राकृतिक छटा का भी भरपूर आनंद ले रहे हैं।

पहले दिन ही केदारपुरी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। मंदिर परिसर से लेकर हेलीपैड तक लंबी कतारें लगी रहीं। भक्त घंटों इंतजार कर बाबा के दर्शन के लिए उत्साहित नजर आए। कई श्रद्धालु आसपास जमी बर्फ के बीच खेलते और तस्वीरें खिंचवाते हुए इस यादगार पल को संजोते दिखे।

देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने इस अनुभव को अविस्मरणीय बताया। महाराष्ट्र से आए कुलदीप महर ने कहा कि बाबा के दर्शन के साथ-साथ प्रकृति की अद्भुत छटा ने उनके मन को अत्यंत आनंदित कर दिया। वहीं गुजरात से आए संदीप पटेल ने कहा कि बर्फ से ढकी हिमालय की चोटियों के बीच स्थित मंदिर का दृश्य उन्हें स्वर्ग जैसी अनुभूति करा रहा है, जिसे वह जीवनभर नहीं भूल पाएंगे।

कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा ने जोर पकड़ लिया है और केदार घाटी एक बार फिर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर हो उठी है। प्रशासन द्वारा व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने के प्रयास जारी हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगम तरीके से बाबा केदार के दर्शन कर सकें। इस दिव्य और अलौकिक वातावरण में बाबा केदार के दर्शन श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनमोल अनुभव बन रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *