देहरादून में वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर पानी की टंकी पर चढ़ीं प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने खुद पर पेट्रोल छिड़क दिया, जिससे पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया।
वर्षवार नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर परेड ग्राउंड स्थित पानी की टंकी पर चढ़े चार नर्सिंग बेरोजगार और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला दूसरे दिन भी देर रात तक नीचे नहीं उतरे।
इस दौरान ज्योति रौतेला ने खुद पर पेट्रोल छिड़क दिया, जिससे पुलिस-प्रशासन के हाथ पांव फूल गए।
अन्य नर्सिंग बेरोजगारों ने उनके हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली। पुलिस ज्योति रौतेला को नीचे उतारने का आग्रह करते रही, लेकिन वह नहीं उतरीं।
नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले बेरोजगारों का धरना मंगलवार को 159वें दिन और अनशन 24वें दिन जारी रहा।
बीते सोमवार सुबह पांच बजे से नर्सिंग बेरोजगार कविता पुंडीर, धमेंद्र, विनोद और आनंद और प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला पानी की टंकी पर चढ़े हैं।
मंगलवार दूसरे दिन नर्सिंग बेरोजगार सरकार के किसी प्रतिनिधि के पहुंचने का इंतजार करते रहे। जब कोई नहीं पहुंचा तो उन्होंने रोष जताया। इस बीच शाम को प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने पेट्रोल की बोतल खुद पर उड़ेल दी।
यह दृश्य देखकर नीचे नर्सिंग बेरोजगार और पुलिस में हड़कंप मच गया। टंकी पर एक अन्य नर्सिंग बेरोजगार को हाथ में पेट्रोल लेकर घूमते देख नीचे चीख-पुकार मच कई। कई बेरोजगार चिल्लाने लगे। देर शाम को अन्य नर्सिंग बेरोजगार बाहर सड़क पर आकर धरने पर बैठ गए।
पुलिस ने उन्हें वापस परेड गाउंड में भेजा। मंच के प्रदेश अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि लंबे समय से आंदोलन के बाद भी उनकी मांग को सरकार अनदेखा कर रही है।
नर्सिंग बेरोजगारों ने कहा कि विभिन्न संगठन और विपक्ष के दलों का समर्थन मिल रहा है, लेकिन सरकार की ओर से कोई भी यहां नहीं पहुंचा।
खाना भेजने पर पुलिस से बहस
दोपहर के वक्त टंकी पर चढ़े प्रदर्शनकारियों को खाना और पानी भेजने को लेकर नर्सिंग बेरोजगार और पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। आरोप लगाया कि पुलिस खाना और पानी भेजने से रोक रही है। पूर्व में भी विरोध दर्ज किया, लेकिन हर बार खाना पहुंचाने को मना कर रही है।
भावुक हुई ज्योति, समर्थन देने पहुंचे गोदियाल
टंकी पर चढ़ी प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला काफी भावुक दिखी। इंटरनेट मीडिया पर लाइव के दौरान उन्होंने रोते हुए कहा कि प्रदेश के बच्चे सड़कों पर परेशान हैं।
सरकार उनके बारे में नहीं सोच रही है। कहा कि वह सरकार के इस घमंड को तोड़ना चाहती हैं, इसलिए नर्सिंग बरोजगारों का साथ दे रही हैं। जो सुन नहीं सकती ऐसी सरकार से उम्मीद क्या कर सकते हैं।
वहीं, नर्सिंग बेरोजगारों को कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, कांग्रेस के पूर्व विधायक राजकुमार, सुराज सेवा दल के अध्यक्ष रमेश जोशी, उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा से बाबी पंवार व त्रिभुवन चौहान और पूर्व सैनिकों ने भी समर्थन दिया।
गणेश गोदियाल ने कहा कि इस तरह के मामले में सरकार को तुरंत संज्ञान लेना चाहिए।
पुलिस और पूर्व सैनिकों के बीच नोकझोंक
नर्सिंग बेरोजगारों को समर्थन में पहुंचे पूर्व सैनिक और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई। जिस वक्त ज्योति रौतेला ने खुद पर पेट्रोल डाला उस वक्त पूर्व सैनिक उन्हें नीचे उतरने की अपील कर रहे थे।
इस बीच पुलिसकर्मी ने उन्हें वहां से हटने को कहा तो पूर्व सैनिकों ने रोष जताया। इसके बाद नोकझोंक हो गई।
बच्चों के साथ परेड ग्राउंड में धरना दे रहीं
रुड़की निवासी नर्सिंग बेरोजगार निर्मला जोशी अपनी तीन वर्ष की बेटी, उत्तरकाशी की नीमा नौ और चार वर्ष के बेटे, सीमाद्वार की नीमा धामी दो वर्ष के बेटे व पांच वर्ष की बेटी के साथ परेड ग्राउंड में धरने पर डटे हैं। उनका कहना है कि सरकार मांग मान लेती तो उन्हें इस तरह नहीं आना पड़ता।

