पटना में एनडीए महिला कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण बिल के समर्थन में जन आक्रोश महिला सम्मेलन का आयोजन किया।
एनडीए के महिला कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित जन आक्रोश महिला सम्मेलन में नारे से पूरा क्षेत्र गूंजता रहा। कारगिल चौक पर बने मंच से महिला नेत्री लगातार महिला आरक्षण के पक्ष में आवाज बुलंद कर रहीं थी। महिलाएं हाथों में वंदे मातरम गाएंगे, नारी सम्मान हम वापस लाएंगे।
राजद-कांग्रेस का हुआ है मेल, महिलाएं निकालेंगी अब इनका तेल। हम भारत की नारी हैं, हम फूल नहीं, चिंगारी हैं। नारी शक्ति का स्वाभिमान, विपक्ष ने फिर किया अपमान। नारी शक्ति की झूठी कहानी, कांग्रेस की आदत पुरानी के नारे लिखी तख्तियां लिए थीं।
विधेयक गिरने के बाद जश्न मना रहे
प्रदर्शन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने लोकसभा में संविधान (131वां संशोधन) बिल पास नहीं होने पर कहा कि विपक्ष के लोगों ने इस बिल को पास नहीं होने दिया और विधेयक गिरने के बाद जश्न मना रहे थे, ऐसे लोग जब अपने क्षेत्रों में जाएंगे तो महिलाएं उनसे सवाल करेंगी और कहेंगी कि इन्होंने ही हमारे अधिकारों का हनन किया है और फिर भी खुशियां मना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जिलों में आक्रोश रैलियां निकाली जाएंगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा है कि हमारी बहनों को जो आरक्षण मिलना चाहिए, उसे हम जरूर दिलाएंगे। मुख्यमंत्री ने भी इसका पूरा समर्थन किया है और कहा है कि जिन्होंने इस बिल को गिराया है, आने वाले समय में बहनें उनसे हिसाब लेंगी।
गीत गा कर महिला आरक्षण का समर्थन
हम पार्टी की विधायक ज्योति मांझी ने गीत गा कर महिला आरक्षण का समर्थन किया। कहा कि विपक्षी पार्टी के नेताओं ने बिल पास नहीं होने दिया है अब गांव की महिलाएं इन्हें सबक सिखाएंगी।
पूर्व मंत्री श्रेयसी सिंह ने कहा कि महिलाओं के हक में संसद तक जाने का रास्ता जो तैयार हो रहा है था इससे कांग्रेस गठबंधन ने महिलाओं को वंचित कर दिया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रहते आधी आबादी को उनका हक मिलकर रहेगा।

