70 विधानसभा सीटों के लिए दावेदारों का पैनल 15 जनवरी तक तैयार कर भाजपा संसदीय बोर्ड को भेज दिया जाएगा

विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन के लिए भाजपा ने कसरत तेज कर दी है। पार्टी सूत्रों के अनुसार राज्य की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए दावेदारों का पैनल 15 जनवरी तक तैयार कर भाजपा संसदीय बोर्ड को भेज दिया जाएगा। इस बीच उत्तराखंड के दौरे पर देहरादून पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक समेत अन्य नेताओं के साथ बैठक में प्रत्याशी चयन के संबंध में विमर्श किया। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात भी की।पिछले चुनाव में प्रचंड बहुमत से सत्तासीन हुई भाजपा के सामने इस बार प्रत्याशियों का चयन किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

भाजपा ने विधानसभा की 70 सीटों में से 57 पर जीत दर्ज की थी। इस बीच प्रदेश सरकार में दूसरी बार हुए नेतृत्व परिवर्तन के बाद भाजपा ने युवा उत्तराखंड-युवा मुख्यमंत्री का नारा दिया था। साथ ही इस बात पर जोर दिया कि युवाओं को चुनाव में अधिक भागीदारी दी जा सकती है। ऐसे में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दावेदारों की फौज भी सामने आई है। इस परिदृश्य के बीच सिटिंग विधायकों को साधना और नए कार्यकत्र्ताओं को टिकट देने की चुनौती से पार पाने के लिए भाजपा को माथापच्ची करनी पड़ सकती है।भाजपा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रांतीय पदाधिकारियों को भेजकर दावेदारों के पैनल तैयार किए हैं, जिन्हें अब अंतिम रूप देकर पार्टी के संसदीय बोर्ड को भेजा जाना है। पार्टी सूत्रों के अनुसार दावेदारों का पैनल तैयार करने को कवायद तेज कर दी गई है। सूत्रों ने बताया कि 15 जनवरी को भाजपा के संसदीय बोर्ड की दिल्ली में बैठक प्रस्तावित है। इसे देखते हुए प्रयास किया जा रहा है कि 15 जनवरी से पहले पैनल संसदीय बोर्ड को भेज दिया जाए।

सूत्रों ने बताया कि रविवार को उत्तराखंड दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने भाजपा भाजपा कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम समेत अन्य नेताओं के साथ बैठक में चुनावी तैयारियों को परखा। साथ ही प्रत्याशियों के चयन के संबंध में विमर्श किया। उन्होंने सीटवार दावेदारों की जानकारी भी ली। बाद में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से भी मुलाकात की। सोमवार को उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से संघ कार्यालय में मुलाकात की। माना जा रहा कि संघ पदाधिकारियों से भी उन्होंने प्रत्याशियों के चयन के मद्देनजर फीडबैक लिया।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन ने सोमवार को चुनाव प्रबंधन समिति की मीडिया व विधिक समितियों की अलग-अलग बैठक ली। इस दौरान उन्होंने चुनाव से संबंधित टिप्स दिए। उन्होंने पार्टी के विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के साथ भी बैठक की और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के मद्देनजर जी-जान से जुटने के निर्देश दिए।मदन कौशिक (प्रदेश अध्यक्ष भाजपा) का कहना है कि प्रत्याशियों के चयन के मद्देनजर दावेदारों का पैनल तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसे पार्टी के केंद्रीय संसदीय बोर्ड को भेज दिया जाएगा। किसे टिकट देना है, किसे नहीं, यह निर्णय लेने का कार्य संसदीय बोर्ड का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *