कर्णप्रयाग में हेमकुंड साहिब जा रहे निहंगों द्वारा स्थानीय लोगों पर तलवार से हमला करने के बाद डीएम और एसपी ने जनप्रतिनिधियों से मुलाकात की।
हेमकुंड साहिब जा रहे निहंगों द्वारा तलवार से हमला कर स्थानीय लोगों को घायल करने के बाद भीड़ द्वारा जाम लगाने पर मौके पर पहुंचे डीएम चमोली गौरव कुमार और एसपी चमोली सुरजीत सिह पंवार ने जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शांति व्यवस्था में सहयोग की बात रखी।
इस मौके पर पूर्व नगर पालिका गौचर अध्यक्ष मुकेश नेगी, पूर्व पालिका अध्यक्ष सुभाष गैरोला सहित व्यापार संघ प्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग रखी कि यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को हथियार के साथ यात्रा की अनुमति नहीं होनी चाहिए और जब से हेमकुंड यात्रा शुरू हुई है बाइकों पर बिना साइलेंसर, नियमों को ताक पर रखकर दोपहिया वाहन पैदल राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं।
मामूली विवाद पर इन यात्रियों द्वारा स्थानीय लोगों और व्यापारियों के साथ अब मारपीट की घटनाएं होने लगी हैं, जबकि हरियाणा मूल के युवाओं द्वारा भी पर्यटन स्थलों पर पहुंच नशाखोरी कर छेड़खानी की घटनाएं होने लगी है।
जिस पर समय रहते पुलिस-प्रशासन को विराम लगाना चाहिए। मांग रखी गई कि यात्रा मे कोई भी हथियार यात्री न लाए तभी यात्रा का संचालन शांतीपूर्ण होगा। जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार ने आश्वासन दिया इस संबंध में उच्चस्तर के अधिकारियों से वार्ता की गई है।

